दुर्ग में शादी का कार्ड बांटने जा रहे युवक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। युवक की बाइक को एक अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। इससे वह वाहन के पिछले पहिए के नीचे आ गया। सिर से पहिया गुजर जाने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। युवक के साथ बाइक में उसकी साली भी बैठी थी, उसे भी गंभीर चोटें आई हैं।
सुपेला थाना पुलिस ने बताया कि घटना गुरुवार सुबह करीब 7 बजे की है। भिलाई-तीन उमदा जरवाय निवासी निर्मल यादव (40) अपनी साली दुर्गा यादव (35) को बाइक पर बैठाकर उसे छोड़ने उसके घर तितुरडीह दुर्ग जा रहा था। निर्मल के घर में शादी होने के चलते वह कार्ड भी दुर्ग छोड़ने जा रहा था। जैसे ही वह कोसानाला के पास पहुंचा, पीछे से तेज रफ्तार में आए अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से महिला दूर जा गिरी और निर्मल सड़क की तरफ गिरा जिससे वह गाड़ी के पिछले पहिया की चपेट में आ गया। इससे गाड़ी का पहिया उसके सिर से गुजर गया। दुर्गा को पेट्रोलिंग टीम ने लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल पहुंचाया। वहां उसका उपचार चल रहा है।

Facebook Conversations