दुर्ग जिले में कोरोना टीका लगाने का लक्ष्य पूरा हो गया है।
कोरोना से बचाव के लिए लोगों को लगाई जा रही कोविड वैक्सीन के लक्ष्य को दुर्ग जिले में शत प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। दुर्ग जिले में 12 लाख 55 हजार लोगों को कोविड वैक्सीन का पहला डोज लगाने के बाद यह लक्ष्य प्राप्त किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने जिला प्रशासन की मदद से हर घर वैक्सीनेशन महाअभियान के माध्यम से बड़ा कदम उठाया। इसके माध्यम से एक ही दिन में लगभग 76 हजार लोगों को कोविड वैक्सीन का प्रथम डोज और द्वितीय डोज का टीका लगाया गया। इसके बाद जिले ने इस लक्ष्य को प्राप्त किया है।
जिले के कलेक्टर डॉ. एसएन भुरे शुरूआत से ही कोविड वैक्सीनेशन को लेकर काफी गंभीर हैं। उनके निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग, जिला प्रशासन और पंचायत विभाग की टीम ने काफी अच्छा प्रयास किया। इनके द्वारा कोविड वैक्सीनेशन को लेकर 2 अक्टूबर के दिन से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। कलेक्टर द्वारा हर दिन होने वाले वैक्सीनेशन की सतत समीक्षा भी की जा रही थी।
हर घर अभियान महाअभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन की टीम घर-घर पहुंची और लोगों को टीका लगाया। महाभियान के दिन काम काजी लोग छूट न पाएं इसे देखते हुए मोबाइल टीम सुबह-सुबह ही लोगों के घर भी पहुंची और देर शाम तक वैक्सीनेशन कार्यक्रम जारी रहा। जो दिव्यांग और बुजुर्ग अपनी शारीरिक दिक्कतों की वजह से टीकाकरण केंद्र तक नहीं पहुंच पाए थे। उन्हें भी टीका महाभियान के माध्यम से लग पाया।
रणनीति के तहत किया गया वैक्सीनेशन का कार्य
जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गंभीर सिंह ठाकुर ने बताया कि कोविड वैक्सीनेशन को लेकर उनकी टीम लगातार काम कर रही है। कोविड वैक्सीनेशन को लेकर शत प्रतिशत लक्ष्य को पूरा किया जा सके, इसके लिए रणनीति में निरंतर बदलाव लाया गया। समय के अनुरूप चीजें और बेहतर होती गईं। इसके लिए जागरूकता अभियान का भी अहम योगदान रहा।
मितानिनों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर लोगों को टीकाकरण के लिए प्रेरित किया। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. बंजारे ने बताया कि इतनी बड़ी आबादी को वैक्सीनेशन लगाना कठिन काम था लेकिन हेल्थ वर्कर द्वारा काफी मेहनत से कार्य किया गया। इसकी वजह से बड़ी सफलता हासिल हुई है।

Facebook Conversations