छत्तीसगढ़ के अभनपुर से लगे केंद्री गांव में बुधवार सुबह हुई सड़क दुर्घटना में भिलाई की 6 महिलाओं की मौत हो गई। वहीं ड्राइवर सहित तीन की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद इनके घर सन्नाटा और मातम सा पसरा था। ज्यादातर घरों में ताला लगा था, कुछ घरों में लोग कुछ बता ही नहीं पा रहे थे। आस-पास के कई लोग फूट-फूटकर रो रहे थे।
भिलाई के सुभाष नगर और बेदी कॉलोनी मोहल्ले में मातम सा पसरा हुआ था। उन्होंने बताया कि एक गाड़ी बुक करके सुभाष नगर और बेदी कॉलोनी की 8 महिलाएं और एक 15 साल की बच्ची माघी पुन्नी मेला में स्नान करने के लिए सुबह 4:00 बजे निकले थे। सुबह 6 से 6.30 के बीच महिलाओं के साथ गई बच्ची ने फोन करके अपने परिजनों को बताया कि ड्राइवर को नींद आने से उनकी गाड़ी डिवाइडर से टकरा गई है। इसमें 4 महिलाओं की मौके पर मौत हुई। दो महिलाओं ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया है। इसके साथ ही चालक समेत 3 लोग गंभीर है, जबकि बच्ची की हालत ठीक है। इतना सुनने के बाद सभी महिलाओं के परिजन भिलाई से रायपुर के लिए रवाना हुए।
इन महिलाओं की हुई मौत
सड़क हादसे में मरने वालों में बेदी कॉलोनी की रहने वाली रीना चौधरी (41 वर्ष), रीना कर्मकार (55 वर्ष), सुचित्रा शाह (65) और सविता रानी धर (50 साल) की मौत हुई है। वहीं सुभाष कॉलोनी में रहने वाली अर्चना मोला (50 साल) और मीरा दास हैं। इसके अलावा काजल ताम्रकर और कविता दास सहित ड्राइवर की हालत गंभीर है। ड्राइवर रुआबांधा भिलाई का रहने वाला है। इसके साथ ही 15 साल की बच्ची को भी चोटें आई हैं, लेकिन वह खतरे से बाहर है। घटना में घायल हुए 4 लोगों का इलाज मेकाहारा रायपुर में चल रहा है।
हर साल मेला जाते थे
इस सड़क हादसे में जितनी भी महिलाओं की मौत हुई है और घायल हुई हैं वह कालीबाड़ी स्थित राधा कृष्ण मंदिर से संचालित हरे रामा हरे कृष्णा मंडली की सदस्य हैं। यह लोग पिछले पांच सालों से लगातार हर साल पुन्नी मेला में झंडा और अपने बाजा आदि के साथ जाते थे। इस बार उनका यह सफर अंतिम सफर साबित हुआ।
सामान्य घर की हैं सभी महिलाएं
सड़क दुर्घटना में मृत और घायल होने वाली सभी महिलाएं समान्य घर से हैं। इसमें बेदी कॉलोनी की रहने वाली सुचित्रा शाह के पति नहीं है। वह जवाहर मार्केट में कपड़ा दुकान में काम करती थीं। रीना चौधरी के पति ईश्वर चौधरी गार्ड हैं। वह भी मेला में जाने वाले थे, लेकिन नाइट ड्यूटी होने से नहीं जा सके। सविता धर रानी के पति दिलीप धर होटल में मिस्त्री हैं। रीना कर्मकार के पति नहीं हैं। वह अपने पति का कैटरिंग काम संभालती थीं।
कांग्रेस पार्षद ने मुख्यमंत्री से की थी की सहायता मांग
घटना के बाद वार्ड 39 सुभाष नगर से कांग्रेस पार्षद रीता सिंह गेरा ने इस हादसे को काफी दुखद बताया है। उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मृतकों के परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की थी।
25-25 हजार रुपए की सहायता
वहीं घटना के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश पर मृतकों के परिजनों को 25-25 हजार रुपए की सहायता राशि दी गई है। इसके अलावा सीएम ने घटना में घायल लोगों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए हैं।

Facebook Conversations