बॉक्स ऑफिस क्लैश 2022:'लाल सिंह चड्ढा' का होगा यश की फिल्म 'KGF 2' से बॉक्स ऑफिस क्लैश, साल की शुरुआत में ये फिल्में भी होंगी आमने-सामने
त्वरित खबरे

कोरोनाकाल के लंबे इंतजार के बाद अब फिर एक बार सिनेमाघरों में बड़ी फिल्में रिलीज होना शुरू हो गई हैं। कई बड़े फिल्ममेकर्स ने फिल्मों की रिलीज डेट जारी कर दी हैं, हालांकि जल्द रिलीज करने की होड़ में कई फिल्में आपस में टकरा रही हैं। हाल ही में लाल सिंह चड्ढा की नई रिलीज डेट सामने आई है जो 14 अप्रैल को यश की फिल्म केजीएफ 2 के साथ ही रिलीज हो रही है। इनके अलावा भी कई मोस्ट अवेटेड फिल्में ऐसी हैं जिनका बॉक्स ऑफिस में क्लैश देखने मिलेगा। आइए जानते हैं वो फिल्में कौन सी हैं-

आरआरआर- राधे श्याम

साल की शुरुआत एसएस राजामौली की पैन इंडिया फिल्म आरआरआर से हो रही है जिसमें आलिया भट्ट, राम चरण, एनटीआर अहम किरदारों में नजर आने वाले हैं। फिल्म 7 जनवरी को रिलीज हो रही है जिसके अगल हफ्ते 14 जनवरी को प्रभास और पूजा हेगड़े की फिल्म राधे-श्याम रिलीज हो रही है। दोनों ही फिल्में बड़े बजट में तैयार की गई हैं जिनकी रिलीज में महज 7 दिनों का अंतर है। इससे दोनों फिल्मों की कमाई पर असर पड़ सकता है।

पृथ्वीराज- अटैक

अक्षय कुमार और जॉन अब्राहम की फिल्में पृथ्वीराज और अटैक जनवरी में आपस में टकराएंगी। चंद्रप्रकाश द्विवेदी के निर्देशन में बनी पृथ्वीराज 21 जनवरी को रिलीज होगी, जबकि लक्ष्य राज आनंद की फिल्म अटैक इसके तीन दिन बाद ही रिलीज की जा रही है। पृथ्वीराज में अक्षय कुमार, मानुषी छिल्लर, सोनू सूद और संजय दत्त लीड रोल में हैं। इस फिल्म की स्टारकास्टिंग अटैक से ज्यादा दमदार है जिसमें जॉन के साथ जैकलीन फर्नांडिस अहम भूमिका निभा रही हैं। इन दोनों की फिल्मों की तुलना में पृथ्वीराज का पल्ला ज्यादा भारी है।

बधाई दो- बिफोर यू डाई

4 फरवरी को एक साथ राजकुमार राव, भूमि पेडनेकर की फिल्म बधाई दो और पुनीत राज शर्मा, काव्या कश्यप की फिल्म बिफोर यू डाई रिलीज हो रही है। स्टारकास्टिंग के लिहाज से देखा जाए तो बधाई हो से बिफोर यू डाई की कमाई पर सीधा असर पड़ सकता है।

गंगुबाई काठियावाड़ी- जयेशभाई जोरदार

संजयलीला भंसाली की मोस्ट अवेटेड फिल्म गंगूबाई काठियावाड़ी 6 जनवरी की बजाए अब 18 फरवरी को रिलीज हो रह है, जिसके अगले हफ्ते रणवीर सिंह की फिल्म जयेशभाई जोरदार रिलीज रिलीज हो रही है। दोनों ही फिल्में बजट और स्टारकास्टिंग के लिहाज से बराबर हैं ऐसे में दोनों के बीच कांटे की टक्कर होगी। एक हफ्ते पहले रिलीज होने पर गंगूबाई काठियावाड़ी को थोड़ा फायदा मिल सकता है। गंगूबाई काठियावाड़ी में आलिया भट्ट, शांतनु माहेश्वरी, विजय राज अहम रोल और अजय देवगन कैमियो में नजर आएंगे, वहीं जयेशभाई जोरदार में रणवीर सिंह, शालिनी पांडे, बोमन ईरानी अहम किरदारों में हैं।

बच्चन पांडे- शमशेरा

अक्षय कुमार की बच्चन पांडे और रणबीर कपूर की शमशेरा फरवरी में दो हफ्ते के अंतराल में रिलीज हो रही हैं। बच्चन पांडे 4 मार्च और शमशेरा 18 मार्च को रिलीज होगी। बच्चन पांडे को कमाई के लिए दो हफ्तों का समय मिलेगा ऐसे में शमशेरा की रिलीज से फिल्म पर असर पड़ने के आसार कम हैं।

भूल भुलैया 2- अनेक

कार्तिक आर्यन, कियारा आडवाणी और तबू स्टारर हॉरर-कॉमेडी फिल्म भूल भुलैया 2, 25 मार्च को बड़े पर्दे पर आ रही है। इसके अगले ही हफ्ते आयुष्मान खुराना की फिल्म अनेक, 31 मार्च को रिलीज हो रही है। आयुष्मान खुराना और कार्तिक आर्यन दोनों की फिल्में लगातार बॉक्स ऑफिस में बेहतरीन प्रदर्शन करती आई हैं, लेकिन दोनों की फिल्मों के आमने-सामने होने से फिल्मों के कलेक्शन में फर्क पड़ सकता है।

लाल सिंह चड्ढा- केजीएफ चैप्टर 2

आमिर खान की फिल्म लाल सिंह चड्ढा 18 फरवरी के बजाए अब 14 अप्रैल को रिलीज की जा रही है। इसी दिन कन्नड़ स्टार यश की केजीएफ चैप्टर 2 रिलीज हो रही है। केजीएफ के पहले पार्ट ने कमाई के कई रिकॉर्ड तोड़े थे, ऐसे में आमिर खान की फिल्म की कमाई पर असर पड़ सकता है।



YOUR REACTION?

Facebook Conversations