दुर्ग जिला मुख्यालय से लेकर पाटन तक किए जा रहा सड़क चौड़ीकरण कार्य गुणवत्ता व मानकों को ताक में रखकर किया जा रहा है। कई बार शिकायत के बाद भी लोक निर्माण विभाग की आखें नहीं खुल रही है। इसका विरोध भाजपाइयों ने अनोखे तरीके से किया है। उन्होंने रविवार को सड़क पर झाड़ू लगाकर सांकेतिक प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि सड़क निर्माण कार्य में घटिया निर्माण सामग्री का उपयोग किया जा रहा है।
भाजपा विधायक दल के स्थायी सचिव जितेंद वर्मा ने बताया कि करोड़ों की लागत से दुर्ग से पाटन मार्ग का चौड़ीकरण किया जा रहा है। इस घटिया निर्माण से साफ हो गया है कि सरकार को जनता के जान माल की तनिक भी परवाह नहीं है। सड़क निर्माण में विभागीय अधिकारी और ठेकेदार लापरवाही बरत रहे हैं। इससे क्षेत्र की जनता परेशान है। सड़क निर्माण कार्य में काफी लेटलतीफी की जा रही है। इससे सड़क दुर्घटनाएं बढ़ गई हैं और लोगों की जान जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर इसे सुधारा नहीं गया तो आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन किया जाएगा।
जगह-जगह फैली हुई है निर्माण सामग्री
बीजेपी नेता और जिला पंचायत सदस्य हर्षा लोकमनी चन्द्राकर ने कहा कि दो साल बीत जाने के बाद भी सड़क का निर्माण अधूरा है। इधर उधर निर्माण सामग्री फैला कर रखा गया है। सड़क का डायवर्सन जगह जगह किया गया है। जिससे दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं।

Facebook Conversations