भाजापा पार्षद ने निकाला विजय जुलूस:5वीं बार पार्षद चुने गए रिकेश सेन, जगह-जगह स्वागत;
नगरीय निकाय चुनाव में पार्षद चुनाव जीतने के बाद अब प्रत्याशियों ने विजय जुलूस निकालना शुरू कर दिया है। भिलाई नगर निगम की बात करें यहां अधिकतर विजयी पार्षद उम्मीदवार रविवार को अपना विजयी जुलूस निकालेंगे। इसी बीच वार्ड 26 रामनगर से विजयी हुए भाजपा के पार्षद उम्मीदवार रिकेश सेन ने अपने समर्थकों का मान रखते हुए शुक्रवार शाम को अपना विजयी जुलूस निकाला। इस दौरान उनके साथ सैकड़ों की संख्या समर्थक व वार्ड के लोग मौजूद रहे। रिकेश जिस भी गली से निकलते लोग उनका स्वागत करने के लिए खड़े मिले।

रिकेश सेन का स्वागत करती महिलाएं।
रिकेश सेन भाजपा नेता हैं। वह लगातार 5वीं बार भिलाई नगर निगम में पार्षद चुनाव जीत चुके हैं। पिछली नगर सरकार में वह नेता प्रतिपक्ष की भूमिका में भी थे। शुक्रवार शाम को रिकेश ने वार्ड में अपना विजयी जुलूस निकाला। वह इस दौरान हर गली और दरवाजे पर पहुंचे और भारी मतों से विजयी होने के लिए वार्ड वासियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। लोगों ने भी उनका माला पहनाकर स्वागत किया तो जगह-जगह पर महिलाओं ने उनकी आरती उतारी। रिकेश ने वार्ड वासियों से कहा कि जिस उम्मीद और विश्वास से जनता ने उन्हें विजयी बनाया है वह उस पर जरूर खरा उतरेंगे।
कांग्रेस और निर्दलीय निकालेंगे शपथ के बाद जुलूस
भिलाई नगर निगम से विजय हुए कांग्रेस के सभी पार्षद व निर्दलीय सहित 40 लोग मतगणना की रात से ही अज्ञात वास पर चले गए हैं। ऐसा कहा जा रहा है कि वह सभी शपथ ग्रहण के दिन भिलाई आएंगे और महापौर का शपथ ग्रहण हो जाने के बाद ही अपना विजयी जुलूस निकाल पाएंगे।
रिसाली, चरौदा और जामुल में निकला जुलूस
भिलाई के साथ ही रिसाली और चरौदा नगर निगम सहित जामुल नगर पालिका का भी चुनाव हुआ है। यहां विजयी हुए पार्षद प्रत्याशी भी रविवार को विजयी जुलूस निकालेंगे। इसके साथ ही शुक्रवार को कुछ जगहों पर विजयी जुलूस निकाला गया। इस दौरान बैंड बाजे और पटाखों के बीच निकले विजय जुलूस को देखने लोगों की भीड़ लगी रही।
अधिकतर भाजपा प्रत्याशियों का विजयी जुलूस निकलेगा रविवार को
दया सिंह, महेश वर्मा सहित अन्य विजयी हुए भाजपा पार्षद प्रत्याशियों ने बताया कि उन लोगों ने तय किया है कि उनका विजयी जुलूस रविवार को निकलेगा। इसके पीछे कारण उनके वार्ड की जनता की मांग है। वार्ड वासियों का कहना है कि रविवार को छुट्टी के दिन धूमधाम से जुलूस निकालेंगे। वहीं दया सिंह का कहना है कि वह रविवार को ऐतिहासिक विजयी रैली निकालेंगे। ऐसी रैली शायद ही भिलाई नगर निगम के इतिहास में निकली होगी।

Facebook Conversations