3 इडियट्स’ स्टाइल में हुई महिला की डिलीवरी,मुंबई रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म में...
त्वरित ख़बरें - सत्यभामा दुर्गा रिपोर्टिंग

देश : सोशल मीडिया पर लोग विकास की फोटो पोस्ट कर उन्हें असल जिंदगी का रैंचो (3 इडियट्स फिल्म का एक किरदार) बता रहे हैं। दरअसल, 2009 में आई 3 इडियट्स फिल्म में आमिर खान ने रैंचो का किरदार निभाया था। जिसमें वह इंजीनियर होते हैं, लेकिन फोन के जरिए डिलीवरी करवाते हैं।जानकारी के अनुसार, गोरेगांव (पूर्व) के निवासी विकास बेंद्रे अहमदाबाद जाने के लिए रात 12:40 बजे गोरेगांव से चर्चगेट लोकल में यात्रा कर रहे थे। राम मंदिर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि उनके डिब्बे में एक महिला दर्द से चीख रही है। उन्होंने इमरजेंसी चेन खींची और महिला को नीचे उतारा। स्टेशन पर 20 मिनट के इंतजार के बाद भी कोई मेडिकल सहायता नहीं मिली। इसलिए उन्होंने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विलेपार्ले की डॉक्टर देविका देशमुख को रात 1:30 बजे विडियो कॉल किया। डॉक्टर के मार्गदर्शन पर स्टेशन पर ही डिलिवरी कराई गई, जिसके बाद मां और नवजात सुरक्षित हैं। महिला को डिलिवरी के बाद कूपर अस्पताल में भर्ती कराया गया।चश्मदीद मंजीत ढिल्लों ने इस पूरी घटना की जानकारी सोशल मीडिया पर शेयर की। ढिल्लन ने यह भी दावा किया कि महिला का परिवार उसे पास के एक अस्पताल ले गया था, लेकिन उन्हें बताया गया कि वहां डिलीवरी संभव नहीं है, इसलिए उन्हें उसे ट्रेन से वापस लाना पड़ा। प्रसव के बाद, महिला के रिश्तेदार उसे एक निजी एम्बुलेंस में सरकारी कूपर अस्पताल ले गए।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations