नशेड़ी बाप ने बेटे को मारा चाकू:शराब के नशे में अक्सर करता था झगड़ा, फिर विवाद हुआ तो दीवार में टिका कर किया हमला; गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

त्वरित खबरे

बिलासपुर जिले में एक नशेड़ी बाप ने अपने ही बेटे पर हमला कर दिया है। बताया गया कि शराबी बाप अक्सर शराब के नशे में घर में विवाद किया करता था। फिर जब सोमवार रात को उसका विवाद बेटे से हुआ तो उसने चाकू से बेटे को दीवार में टिका कर हमला कर दिया है। जिससे बेटे को काफी चोटें आई हैं। युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, अशोक नगर निवासी अमजद अली अक्सर शराब पीकर घर में विवाद किया करता था। उसके घरवालों ने बताया कि अमजद आए दिन शराब पीकर घर आता है। सोमवार रात को भी शराब के नशे में घर पहुंचा था। इसी दौरान अमजद अपने बेटे सज्जाद से किसी बात को लेकर विवाद करने लगे। इतने में सज्जाद ने अमजद को काफी समझाया। इसके बावजूद अमजद नहीं माना और लगातार सज्जाद से विवाद करता रहा। विवाद इतना बढ़ गया कि अमजद ने चाकू निकाला और सज्जाद के पेट में मार दिया। इसके बाद उसने सज्जाद को दीवार में टिकाया और कई बार चाकू से पेट पर हमला कर दिया। जिससे सज्जाद बुरी तरह घायल हो गया।

गर्भवती बेटी पर भी किया हमले का प्रयास

वहीं उसी दौरान सज्जाद की गर्भवती बहन भी उसे बचाने पहुंची तो अमजद ने उस पर भी हमले का प्रयास किया। मगर घर के दूूसरे सदस्यों की मदद से सज्जाद की बहन को मौके से हटा लिया। जिसके कारण अमजद उस पर हमला नहीं कर सका। इधर, हमले के बाद सज्जाद के पेट से काफी खून बह रहा था। इसे देखते हुए घर के लोग उसे सिम्स अस्पताल में भर्ती के लिए लेकर गए, लेकिन वहां चल रही स्वास्थ्यकर्मियों की हड़ताल के चलते सज्जाद को अस्पताल में भर्ती नहीं किया गया।

एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल भटकते रहे परिजन

सिम्स के बाद परिजन सज्जाद को लेकर जिला अस्पताल गए। मगर यहां भी उसका इलाज नहीं किया गया। परिजनों का आरोप है कि हमें जिला अस्पताल से भी मायूस होकर लौटना पड़ा तब तक सज्जाद के शरीर से काफी खून बह गया था। घर वालों ने बताया कि किसी तरह से उन्होंने व्यापार विहार स्थित हॉस्पिटल में सज्जाद को भर्ती कराया है। जहां उसका इलाज किया जा रहा है। फिलहाल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों का कहना है कि घायल के पेट से काफी खून बह गया है। उसका इलाज किया जा रहा है। परिजनों ने इस मामले की शिकायत सरकंडा थाने में मंगलवार को दर्ज कराई थी। जिसके बाद आरोपी अमजद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।