बारिश से पहले निगम सख्त, लालपुर में नाला सफाई में बाधा बने अवैध निर्माण हटाए गए
रायपुर @ रायपुर नगर निगम ने मानसून पूर्व नाला सफाई अभियान को गति देते हुए लालपुर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। नगर पालिक निगम रायपुर के जोन क्रमांक 10 के अंतर्गत रविंद्रनाथ टैगोर वार्ड क्रमांक 55 स्थित लालपुर में एमएमआई हॉस्पिटल के सामने नाले पर बने बड़े आकार के लगभग 10 अवैध पाटों को तोड़कर हटाया गया। इन अवैध निर्माणों के कारण नाले की सफाई में लगातार बाधा उत्पन्न हो रही थी, जिससे जल निकासी व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी हुई थी।
नगर निगम आयुक्त के निर्देशानुसार शहर में बारिश पूर्व नालों की व्यापक सफाई का कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में जोन 10 के अधिकारियों द्वारा क्षेत्र का निरीक्षण करने पर पाया गया कि नाले के ऊपर कई स्थानों पर बड़े-बड़े पाट अवैध रूप से निर्मित कर दिए गए हैं। इन पाटों के कारण सफाई मशीनों और कर्मचारियों को नाले तक पहुंचने में कठिनाई हो रही थी तथा गाद एवं कचरे की नियमित सफाई प्रभावित हो रही थी।
स्थिति को देखते हुए जोन 10 के जोन कमिश्नर श्री मोनेश्वर शर्मा के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग की टीम ने थ्री-डी मशीन की सहायता से नाले पर बने लगभग 10 अवैध पाटों को तोड़कर हटाया। कार्रवाई के समय जोन स्वास्थ्य अधिकारी श्री अमित बेहरा भी मौके पर उपस्थित रहे और पूरी प्रक्रिया की निगरानी की।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि मानसून के दौरान जलभराव और बाढ़ जैसी स्थितियों से बचने के लिए नालों की निर्बाध सफाई बेहद आवश्यक है। नालों पर किए गए अवैध निर्माण न केवल सफाई कार्य में बाधा बनते हैं, बल्कि जल निकासी को भी प्रभावित करते हैं, जिससे आसपास के क्षेत्रों में पानी भरने का खतरा बढ़ जाता है। इसी कारण ऐसे अवैध निर्माणों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।
अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे नालों और नालियों के ऊपर किसी प्रकार का अवैध निर्माण न करें तथा स्वच्छता एवं जल निकासी व्यवस्था बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें। निगम द्वारा शहर के विभिन्न जोनों में बारिश पूर्व सफाई अभियान लगातार जारी है और जहां भी नाला सफाई में अवरोध उत्पन्न करने वाले अवैध निर्माण पाए जाएंगे, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम की इस कार्रवाई से लालपुर क्षेत्र में नाले की सफाई का कार्य सुचारू रूप से आगे बढ़ सकेगा और आगामी वर्षा ऋतु में जलभराव की समस्या को रोकने में मदद मिलेगी। स्थानीय लोगों ने भी निगम की इस पहल का स्वागत करते हुए क्षेत्र में बेहतर जल निकासी व्यवस्था की उम्मीद जताई है।