कांकेर 30सितम्बर 2022।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित गैर संचारी रोग प्रकोष्ठ (एन.सी.डी) द्वारा 29 सितम्बर को विश्व हृदय दिवस पर जिले के सभी हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र , सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पताल में निःशुल्क स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर का आयोजन हुआ। इस दौरान लोगों की रक्तचाप, मधुमेह, बीएमआई की जांच की गई व हृदय को स्वस्थ रखने के लिए अनियमित जीवन शैली को त्यागकर की नियमित जीवन शैली अपनाने की जानकारी दी गयी।
इस सम्बन्ध में सीएमएचओ डॉ. जे.एल. उईके ने बताया, ”विश्व हृदय दिवस पर हृदय रोगों, उसके कारण और बचाव के बारे में जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिले के चारामा, कोयलीबेड़ा, दुर्गकोंदल, श्रीरामनगर, कांकेर सहित विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मधुमेह, ब्लड प्रेशर और हार्ट की जांच के उपरान्त इलाज कराने आए मरीजों को निःशुल्क दवा दी गयी। असंतुलित खान-पान अनियमित जीवनशैली, धूम्रपान, शराब और शरीरिक निष्क्रियता ने दिल की बीमारियों के जोखिम को बढ़ा दिया है। इस कारण हृदय रोगियों की संख्या निरंतर बढ़ रही है। अगर किसी व्यक्ति को हाई ब्लड प्रेशर की समस्या है तो हर 15 दिन में ब्लड प्रेशर चेक कराएं। ब्लड प्रेशर का कंट्रोल में न होना हार्ट अटैक के खतरे को बढ़ा देता है।“
हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर श्रीरामनगर में जाँच कराने आये गजेंद्र ने बताया: “पहले अस्पताल में जाँच के लिय केवल सर्दी,खांसी, बुखार जैसी बीमारी की अवस्था मे आते थे। लेकिन उच्च रक्तचाप, हृदयघात और मधुमेह जैसी बीमारियों के बारे में जबसे पता चला है तबसे नियमित तौर पर अपनी जाँच कराने आ जाता हूँ।“
हृदय को स्वस्थ रखने के लिये जीवनशैली में करे यह बदलाव
प्रतिदिन अन्य कार्यों की तरह ही व्यायाम के लिए भी समय निकालें सुबह और शाम के समय पैदल चलें या सैर पर जाएं। भोजन में नमक और वसा की मात्रा कम कर लें, अधिक मात्रा में यह हानिकारक होते हैं। ताजे फल और सब्जियों को आहार में शामिल करें। तनावमुक्त जीवन जीएं तनाव अधिक होने पर योगा व ध्यान के द्वारा इस पर नियंत्रण करें। धूम्रपान का सेवन बिल्कुल बंद कर दें, यह हृदय के साथ ही कई बीमारियों का कारक है। स्वस्थ शरीर और दिल के लिए भरपूर नींद लें। वज़न, ब्लड प्रेशर, ग्लूकोज और कोलेस्ट्रॉल के स्तर को नियंत्रित रखें।अपने स्वास्थ्य की नियमित जांच कराने अवश्य जाएँ।