छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पिता ने पिछले दिनों ब्राह्मणों को लेकर विवादित बयान दिया था सर्व ब्राह्मण समाज की शिकायत पर दर्ज किया मामला
हाइलाइट्स
- सीएम भूपेश बघेल के पिता के खिलाफ सरकार ने ही करवाई एफआईआर
- भूपेश बघेल के पिता ने यूपी में ब्राह्मणों को लेकर दिया था विवादित बयान
- धार्मिक भावनाएं आहत करने और दंगा भड़काने की धारा के तहत दर्ज हुई है FIR
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पिता नंदकुमार बघेल के खिलाफ छत्तीसगढ़ सरकार ने धार्मिक भावनाएं भड़काने, दंगा भड़काने की धारा 153 ए के तहत एफआईआर दर्ज करवाई है। राजधानी रायपुर के डीडी नगर थाने में नंदकुमार बघेल के ब्राह्मणों को लेकर दिए गए एक विवादित बयान पर शासन ने खुद संज्ञान लेते हुए यह एफआईआर दर्ज करवाई है।
30 अगस्त को भूपेश बघेल के पिता नंदकुमार बघेल ने यूपी के लखनऊ में एक आंदोलन के दौरान मीडिया को बयान दिया था कि ब्राह्मण विदेशी हैं और वे उत्तर प्रदेश में 6 अगस्त को उनके खिलाफ एक बड़ा आंदोलन करेंगे ताकि उन्हें मंदिरों से निकाला जाए। वे गांव-गांव जाकर उनका बहिष्कार करेंगे। नंदकुमार बघेल के बयान का यह वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
सर्व ब्राह्मण समाज की शिकायत पर दर्ज किया मामला
थाना प्रभारी योगिता खापर्डे ने बताया कि सर्व ब्राह्मण समाज सुंदरनगर ने नंद कुमार बघेल के खिलाफ शिकायत की गई थी। जिसमें कहा गया था कि नंदकुमार बघेल ने ब्राह्मण समाज के खिलाफ आपत्तिजनक टीका-टिप्पणी की है। इस मामले में 4 सितंबर को मामला दर्ज कर जांच की जा रहा है।