स्मार्ट सिटी के दावे मेयर के वार्ड में 'खोखले':सफाई व्यवस्था चरमराई; कूड़े के ढेर

त्वरित खबरें/

चंडीगढ़ को वैसे तो स्मार्ट सिटी का दर्जा हासिल है और स्वच्छता अभियान में रैंकिंग सुधारने के लिए निगम पूरा जोर लगा रहा है मगर शहर की मेयर का वार्ड ही स्वच्छ नहीं है। मनीमाजरा के गोबिंदपुरा के लोग अनेकों प्रकार की समस्याओं को झेल रहे हैं। यह वार्ड नंबर 6 मेयर का वार्ड है और वह यहीं पर रहती भी हैं।


वार्ड में कई सड़कें टूटी हुई हैं। बिजली की नंगी तारों का जाल कभी भी किसी अग्निकांड को बुलावा दे सकती हैं। इसके साथ ही पानी भी कम प्रेशर के आने से लोगों को गर्मी में भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। जगह-जगह पर कूड़े के ढेर हैं। ऐसे में मनीमाजरा के लोग चंडीगढ़ के स्मार्ट सिटी होने पर सवाल उठाने लगे हैं। लोगों का कहना है कि स्मार्ट सिटी सिर्फ कागजों तक ही सीमित है।

बिना मोटर के पानी नहीं भरा जाता, स्ट्रीट लाइटें नहीं जलती

गोबिंदपुरा के रहने वाले शमसुद्दीन न कहा कि पानी बिना मोटर के नहीं भरा जाता। वहीं बिजली की समस्या भी बनी हुई है। उन्होंने कहा कि उनकी गली में लगी आधा दर्जन से ज्यादा सरकारी लाइटों में से एक-दो ही जलती हैं। शिकायतों की सुनवाई नहीं होती। इसके अलावा सीवरेज की भी समस्या है। स्मार्ट मीटर लगा दिए गए हैं मगर बिजली की तारें घरों के आगे लटक रही हैं। लोगों ने कहा कि घरों के बाहर नंगी तारों में कई बार आग लगने की घटनाएं हो चुकी हैं। वहीं कई बार तारें नीचे गिर जाती हैं और लाइट तक चली जाती हैं।

जगह-जगह कूड़े के ढेर सड़कों के किनारे लगे हुए हैं।

कांग्रेस ने भी साधा निशाना

जिला कांग्रेस कमेटी, मनीमाजरा के अध्यक्ष रामेश्वर गिरी ने कहा कि वार्ड नंबर 6 की पार्षद और शहर की मेयर सर्बजीत कौर के घर के बाहर भी तारें लटक रही हैं। कई बार इलाके में आग लगने की घटनाएं घट चुकी हैं। मेयर के घर के आसपास के इलाके में पानी कम प्रेशर से आ रहा है। एक महीने से लोगों की कम पानी की समस्या आ रही है।

इसके साथ ही सड़कों पर लगी टाइलें टूट रहीं हैं और पानी खड़ा होता है। मेयर के घर के बाहर भी एक गड्‌ढा है। गोबिंदपुरा में स्ट्रीट लाइटें भी काम नहीं करती। मनीमाजरा में कई जगहों पर गंदे पानी की सप्लाई होती है। इसके अलावा कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। सफाई कर्मी ढंग से सफाई नहीं करते।

फायर विभाग को भी आती है दिक्कत

मनीमाजरा फायर स्टेशन के एक लीडिंग फायरमैन ने बताया कि मनीमाजरा में घरों के आगे बिजली की तारें लटकने से उन्हें भी आपातकालीन स्थिति में दिक्कत का सामना करना पड़ता है। उनकी गाड़ी गलियों में नहीं जा पाती। वहीं इन तारों से शॉट सर्किट की घटनाएं भी होती हैं। कई बार बिजली विभाग को इस बारे में लिखा गया है मगर कोई कार्रवाई नहीं की जाती।