मोहन नगर पुलिस ने रविवार देर रात 24 वर्षीय युवती की शिकायत पर सीआईएसएफ के आरक्षक पियूष साहू निवासी अमोडा के खिलाफ धारा 376 और 506 के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक पीड़िता और आरोपी की पहचान वर्ष 2019 में सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी। इसके बाद दोनों में बातचीत होने लगी थी।
14 जनवरी 2020 से 4 जुलाई 2021 के बीच दोनों की रेलवे स्टेशन स्थित होटल समेत अन्य स्थान पर मुलाकात हुई। आरोपी ने शादी करने का झांसा देकर पीड़िता से दुष्कर्म किया। इसके बाद उसने शादी करने से मना कर दिया। 1 फरवरी को पीड़िता ने एसएसपी को इसकी शिकायत की।
जांच के बाद पुलिस ने केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक पीड़िता मूलत: उतई थाना क्षेत्र की रहने वाली है। वहीं आरोपी कांकेर जिले का निवासी है। उसकी झारखंड में पोस्टिंग है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। इधर,पुरानी भिलाई पुलिस ने 35 वर्षीय महिला से अश्लील हरकत करने वाले आरोपी राधेश्याम लोधी के खिलाफ धारा 354 के तहत केस दर्ज किया है। बहरहाल इन दोनों ही मामलों में पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। पुलिस ने बताया कि परीचितों के बयान लिए जा रहे हैं, इसके बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।