सोशल मीडिया पर पिछले तीन दिनों से एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक नग्न हालत में दिखाई दे रहा है। युवक के साथ मारपीट हो रही है। युवक सुपेला इलाके के चार युवकों का नाम बार-बार दोहरा रहा है। वह आरोप लगा रहा है कि चारों युवक अयाज, परवेज, कालू और शाहरुख उसे घर से आकर ले गए थे। चारों ने अपने साथ ट्रक में ले जाने का जिक्र किया था।
इसके बाद एक क्विंटल गांजे का पैसा नहीं होने पर उसे ओडिशा में गिरवी रखकर फरार होने का आरोप लगा रहा है। वह यह भी कह रहा है कि उसकी मौत की जिम्मेदारी चारों युवकों की होगी। वीडियो पुलिस अधिकारियों तक पहुंच गया है। अब तक जिन युवकों का नाम वायरल वीडियो में युवक बता रहा है, वो सभी गायब है। सभी सुपेला इलाके के बताए जा रहे हैं। एएसपी संजय ध्रुव के मुताबिक वीडियो की प्राथमिक जांच के बाद पता चला है कि वीडियो सही है।
पीड़ित युवक की तलाश शुरू
पीड़ित युवक का वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है। युवक सुपेला का रहने वाला है। इस वजह से सुपेला के आसपास के लोगों से उसके बारे में पूछताछ की जा रही है।
महाराष्ट्र के पीर मलिक का बार-बार आया नाम, इसकी भी खोजबीन हो रही
पुलिस के मुताबिक महाराष्ट्र के पीर मलिक का स्मैक और ड्रग्स की तस्करी में कई बार नाम सामने आ चुका है। एनडीपीएस मामलों की पैरवी करने वाले एडवोकेट विजय कसार के मुताबिक 20 से अधिक केस डायरी में पीर मलिक का नाम शामिल है। उसके खिलाफ कई बार वारंट भी जारी हुआ है। लेकिन कभी पुलिस ने पीर मलिक को गिरफ्तार नहीं किया।
यहां तक की वारंट की तामिली भी नहीं की गई। वकील के मुताबिक पिछले 10 वर्षों में पीर मलिक का नाम लगातार सामने आ रहा है। इससे लगता है कि पीर मलिक या उसका गैंग ड्रग्स की तस्करी में लंबे समय से एक्टिव है। पुलिस अब इस मामले में जल्द ही कोई कदम उठा सकती है। आरोपी की खोजबीन जारी है।
रायपुर और बिलासपुर पुलिस पिछले दिनों ड्रग्स पैडलर को भी पकड़ चुकी
रायपुर और बिलासपुर पुलिस शहर से ड्रग्स पैडलर को पहले पकड़ चुकी है। पैडलर्स ने पूछताछ में होटल, किराए के कमरे और फार्म हाउस में ड्रग्स पार्टी आयोजित करने की जानकारी दे चुके हैं। हाल ही में बिलासपुर पुलिस ने भी जुनवानी इलाके से एक ड्रग्स पैडलर को पकड़ा था। स्थानीय पुलिस के पास भी शहर में ड्रग्स सप्लाई में एक्टिव कुछ लोगों के नाम सामने आए हैं।
पुलिस इनकी डिटेल जुटा रही है। मोहन नगर के रोशन नाम के ड्रग पैडलर का भी कई बार नाम आ चुका है। पुलिस के मुताबिक रोशन पहले ड्रग्स डिल में पकड़ा जा चुका है। बता दें कि इन दिनों शहर में नशे का कारोबर बड़े पैमाने पर संचालित किया जा रहा है। पुलिस के सामने नशे के सौदागरों को उनके अंजाम तक पहुंचाने की जिम्मेदारी है।