दुर्ग,भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) से स्क्रैप चोरी और उसके अवैध परिवहन के मामले में खुर्सीपार पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इस प्रकरण में अब तक कुल 13 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार, 26 मई 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम अकलोरडीह खदान पारा स्थित ए.के. ट्रेडर्स, हथखोज भिलाई में जांच की गई थी। जांच के दौरान विभिन्न हाईवा और ट्रकों में फ्लू डस्ट के साथ बीएसपी से चोरी की गई लोहे की प्लेट, बीम और कटिंग सामग्री लोड मिली थी।
मौके पर बड़ी मात्रा में स्क्रैप सामग्री का भंडारण पाया गया। जांच में खुलासा हुआ कि फ्लू डस्ट परिवहन की आड़ में बीएसपी से चोरी किए गए लोहे के स्क्रैप का अवैध परिवहन और विक्रय किया जा रहा था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने लगभग 250 टन लोहे की प्लेट, बीम और स्क्रैप सामग्री, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 90 लाख रुपये है, जब्त की थी। इसके अलावा परिवहन और लोडिंग में इस्तेमाल किए जा रहे वाहन एवं मशीनरी सहित करीब 3 करोड़ 22 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति भी जब्त की गई थी।
मामले में पहले ही 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका था। फरार आरोपियों की तलाश के दौरान पुलिस ने तेजराम निषाद उर्फ दद्दू (35 वर्ष), निवासी जेवरा सिरसा, जिला दुर्ग को चिन्हित कर हिरासत में लिया। पूछताछ में उसकी भूमिका स्क्रैप के अवैध परिवहन में सामने आने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, यह संगठित गिरोह बीएसपी से स्क्रैप चोरी कर अवैध आर्थिक लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से उसका परिवहन और विक्रय कर रहा था।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि औद्योगिक सामग्री एवं स्क्रैप के अवैध क्रय-विक्रय या परिवहन की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।