रायपुर। छत्तीसगढ़ में साइबर जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मारुति फाउंडेशन एवं हेरिटेज इंडिया द्वारा "फ्यूजन आर्ट 2026" के तहत ड्रॉइंग, पेंटिंग, स्केचिंग और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में सामान्य बच्चों के साथ-साथ दिव्यांग बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता को लिटिल जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग में आयोजित किया गया। प्रतिभागियों को साइबर क्राइम, फादर्स डे और योगा दिवस विषयों पर अपनी रचनात्मकता प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया।
प्रतियोगिता के परिणामों में लिटिल जूनियर वर्ग में विद्या यादव, जूनियर वर्ग में आरव प्रवीण चापकर और सीनियर वर्ग में सौम्या चौधरी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम के निर्णायक मंडल में कला, समाज सेवा और सांस्कृतिक क्षेत्र की प्रतिष्ठित हस्तियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। निर्णायकों में डॉ. तृप्ति लूनिया, समाजसेवी एवं ड्रॉइंग शिक्षिका सुधा गोहिल, प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष प्रकाश शर्मा, श्री मंगलमय वेलफेयर समिति की अध्यक्ष एवं लोकतंत्र प्रहरी की संस्थापक प्रिया सिंह तथा महाकोशल कला परिषद रायपुर के मानसेवी निदेशक डॉ. प्रवीण कुमार शर्मा शामिल रहे।
संस्था की अध्यक्ष मेघा तिवारी ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों और आमजन में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि संस्था केंद्र सरकार और साइबर एक्सपर्ट डॉ. दीपक कुमार के सहयोग से प्रदेशभर में साइबर जागरूकता अभियान चला रही है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में साइबर सुरक्षा हर नागरिक के लिए महत्वपूर्ण विषय बन चुका है। ऐसे में कला और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों और युवाओं तक जागरूकता का संदेश पहुंचाना एक प्रभावी पहल है।
कार्यक्रम में प्रदर्शित चित्रों, पोस्टरों और स्केचों ने साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। उपस्थित अतिथियों और निर्णायकों ने प्रतिभागियों की रचनात्मकता और विषय की समझ की सराहना की।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में अर्पण दिव्यांग पब्लिक स्कूल, सीमा छाबड़ा और तनुश्री दास का विशेष सहयोग रहा। आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों, अभिभावकों, निर्णायकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी समाजोपयोगी विषयों पर इस तरह के आयोजन जारी रखने का संकल्प दोहराया।