अमर शहीद हेमू कालाणी का शहादत दिवस शुक्रवार को ट्विनसिटी में सिंधी समाज ने श्रद्धापूर्वक मनाया। इस दौरान जहां दुर्ग में शहीद हेमू स्मारक के लिए नींव रखी गई। वहीं भिलाई में सिंधी समाज के सदस्यों ने दीप व कैंडल जलाकर शहीद के बलिदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया। दुर्ग के पालिटेक्निक कालेज तिराहा पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी कालाणी का स्मारक बनेगा।
विधायक अरूण वोरा, मेयर धीरज बाकलीवाल और समाज के पदाधिकारियों ने भूमिपूजन किया। उन्होंने बताया कि शहीद की याद में देश के विभिन्न स्थानों पर स्मारक स्थापित किए गए हैं। सिंधी समाज की मांग पर अब दुर्ग की शासकीय भूमि पर भी स्मारक बनेगा। इधर भिलाई के हाउसिंग बोर्ड में सांई झूलेलाल धाम में शहीद हेमू कालाणी को भजनों से श्रद्धांजलि दी गई।
वैशालीनगर में हेमू कालाणी चौक पर भी श्रद्धांजलि सभा हुई। दुर्ग के आयोजन में निगम सभापति राजेश यादव, आरएन वर्मा, राजकुमार नारायणी, पार्षद बबीता यादव,अब्दुल गनी, मुरली सचदेव, सिंधूड़ी सेवा समिति के अध्यक्ष महेश गणेशानी, रत्ना नारमदेव आदि उपस्थित थे।
हाउसिंग बोर्ड में शहीद की जीवनी पर गाए गीत
सांई झूलेलाल धाम 32 एकड़ हाऊसिंग बोर्ड में शहीद हेमू कालाणी के शहादत दिवस पर भजन संध्या का आयोजन किया गया। इसमें महिलाओं व बच्चों ने देशभक्ति और उनकी वीर गाथा के गीत और भजन गाकर श्रद्धाजंलि अर्पित की। मोमबत्तियां जलाकर उन्हें सलामी दी गई और अमर शहीद के जयकारे लगाए गए। गौतम थारानी ने प्रतीकात्मक रूप से अभिनय द्वारा हेमू कालाणी की जीवनी को दृष्टांत भी किया।
समाज के अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र कृष्णानी, संरक्षक ईश्वरी बड़ानी ने भाषण, अनन्या थारवानी ने कविता में शहीद की वीरता और बलिदान को बताया। आयोजन में अनिल थारवानी, मोहिनी थारवानी, माया थारानी, आशा आहूजा, माया पंजवानी, अंजली कृष्णानी, अलका थारवानी सहित समाज के लोग उपस्थित थे।
सिंधी पंचायत ने वैशाली नगर में दी पुष्पांजलि
श्रीराम सिंधी पंचायत के वरिष्ठों ने हेमू कालाणी चौक, वैशाली नगर में सादगी से शहीद का बलिदान दिवस मनाया। शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की। समाज के दयाराम बत्रा, भीमसेन सेतपाल, हेमंत नागदेव, मंगतराम धनवानी, लक्ष्मण दास बख्तयानी, अर्जुन सचदेव, कन्हैयालाल बत्रा, धरमदास, मोतीलाल खूबचंदानी आदि उपस्थित थे।