दुर्ग : जिले के धमधा थाना क्षेत्र में एक मामूली बात ने अचानक हिंसक रूप ले लिया, जब सगनी पुन्नी मेला से लौट रहे दो युवकों पर चाकू से हमला कर दिया गया। गांव के आउटर में पेशाब करने के दौरान हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया।घटना में दोनों युवक घायल हो गए। एक युवक को प्राथमिक उपचार के बाद उसी दिन अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि दूसरे युवक की हालत भी अब सामान्य बताई जा रही है।जानकारी के अनुसार, यह घटना 3 जनवरी की शाम करीब 5.30 बजे की है। दोनों युवक सगनी पुन्नी मेला देखकर अपने गांव लौटे थे। गांव पहुंचने के बाद घर जाने से पहले वे गांव के आउटर में पेशाब करने के लिए रुके थे।इसी दौरान वहां पहले से मौजूद कुछ युवकों ने आपत्ति जताई और पूछा कि यहां पेशाब क्यों कर रहे हो। इसी बात को लेकर पहले कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में विवाद में बदल गई और फिर देखते ही देखते हिंसक झगड़ा हो गया।मौके पर मौजूद आरोपी युवक एक समूह में खड़े थे। बताया गया है कि सभी आरोपी नंदिनी थाना क्षेत्र के चार अलग-अलग गांवों के निवासी हैं और वे भी सगनी पुन्नी मेला देखकर लौट रहे थे। मामूली विवाद के बाद सभी ने मिलकर दोनों युवकों पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 जनवरी को सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, इस मामले में 11 बालिग और 2 नाबालिग आरोपी शामिल हैं। नाबालिगों को बाल न्याय अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेजा गया है।पुलिस ने बताया कि जिन युवकों पर हमला हुआ, वे उसी गांव के रहने वाले हैं और अपने ही गांव के बाहर रुके थे, जबकि आरोपी दूसरे गांवों से आए थे। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।