रिसाली की महापौर शशि सिन्हा ने मेयर इन काउंसिल का गठन कर नामों की घोषणा ,

त्वरित ख़बरें - रिसाली निगम में भी हुआ मेयर इन काउंसिल का गठन:7वें दिन बनी रणनीति; अब भिलाई नगर निगम पर सबकी नजर

भिलाई चरौदा और रिसाली नगर निगम के महापौर ने मेयर इन काउंसिल का गठन कर दिया है। सबसे पहले चरौदा और उसके बाद बुधवार को रिसाली के एमआईसी सदस्यों की लिस्ट जारी कर दी गई है। रिसाली में मेयर के शपथ ग्रहण के 7वें दिन मेयर इन काउंसिल का गठन हुआ है। यदि 12 जनवरी को यह गठन नहीं होता तो यह निगम के संविधान के खिलाफ हो जाता। इसके बाद अब सबकी निगाहें भिलाई नगर निगम पर हैं। कल भिलाई के मेयर के शपथ ग्रहण का सातवां दिन है और कल हर हाल में उन्हें मेयर इन काउंसिल का गठन कहना ही होगा।

नगर पालिक निगम रिसाली की महापौर शशि सिन्हा ने मेयर इन काउंसिल का गठन कर नामों की घोषणा कर दी है। उन्होंने बुधवार देर शाम निगम के 8 पार्षदों को अलग-अलग कार्यभार सौंपते हुए नई जिम्मेदारी दी। महापौर सिन्हा ने पदभार ग्रहण करने के ठीक सातवें दिन निगम को सुचारू रूप से चलाने के लिए महापौर परिषद का गठन किया है।

जाने किसे क्या मिली जिम्मेदारी

परिषद में जलकार्य विधि तथा सामान्य प्रशासन विभाग की जिम्मेदारी रिसाली सेक्टर पश्चिम के वरिष्ठ पार्षद चंद्रभान सिंह ठाकुर को दी गई है। स्वास्थ्य तथा चिकित्सा एवं स्वच्छता विभाग की कमान नेवई भाठा के पार्षद गोविन्द चतुर्वेदी को दी गई है। राजस्व, बाजार तथा वाहन विभाग के प्रभारी विलास राव बोरकर होंगे। आवास, पर्यावरण एवं लोक निर्माण विभाग के प्रभारी इस्पात नगर से पार्षद अनुप डे होंगे। इसी तरह शिक्षा खेलकूद तथा युवा कल्याण विभाग के प्रभारी मरोदा सेक्टर पश्चिम के पार्षद सनीर साहू, पुनर्वास तथा नगर नियोजन उद्यानिकी तथा संचार विभाग प्रभारी नेवई बस्ती पूर्व के पार्षद परमेश्वर कुमार होंगे। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं विद्युत विभाग प्रभारी विजय चैक स्टेशन मरोदा की पार्षद सोनिया देवांगन और महिला बाल विकास एवं सामाज कल्याण तथा आजिविका विभाग प्रभारी मौहारी भाठा क्षेत्र की पार्षद ईश्वरी साहू होंगी।

भिलाई के एमआईसी गठन का कल आखिरी दिन

भिलाई नगर निगम में मेयर इन काउंसिल का गठन काफी चुनौतीपूर्ण है। पहले तो पार्टी में वरिष्ठ पार्षदों और नए युवा चेहरों में चुनकर कुछ लोगों का जिम्मेदारी देना बड़ा कार्य है। दूसरा खुद निगम के मेयर नीरज पाल और भिलाई नगर के विधायक देवेंद्र यादव के कोरोना पॉजिटिव हो जाने से यह कार्य और कठिन हो गया है। पर ऐसा कहा जा रहा कि टेलीफोनिक या वर्चुअल बैठक लेकर मेयर इन काउंसिल की लिस्ट तैयार कर ली गई है। 13 जनवरी तक इन्हें हर हाल में यह लिस्ट जारी करनी होगी, क्योंकि निगम के संविधान के अनुसार मेयर को अपने शपथ ग्रहण के सात दिन के अंदर एमआईसी का गठन करना है। इसलिए यह तय है कि गुरुवार को भिलाई की भी लिस्ट जारी हो जाएगी।