छुईखदान कोषालय से अब ई- पेमेंट से होगा भुगतान

त्वरित ख़बरें - सभी शासकीय भुगतान अब कोषालय से सीधे ई पेमेंट के माध्यम से हो सकेगा

उप कोषालय छुईखदान के अंतर्गत आने वाले सभी शासकीय अधिकारियों, कर्मचारियों सहित विभिन्न कर्मचारी संगठनों की विगत कई वर्षों से लंबित बहुप्रतीक्षित मांग पूरी हो गई है। अब से छुई खदान के सभी अधिकारी कर्मचारियों को होने वाले वेतनभत्तों सहित अन्य सभी शासकीय भुगतान अब कोषालय से सीधे ई पेमेंट के माध्यम से हो सकेगा।

जिससे शासकीय भुगतान की प्रक्रिया में लगने वाला अनावश्यक समय खत्म हो जाएगा। कोषालय द्वारा किया गया भुगतान तत्काल हितग्राही के खाते में सीधे ट्रांसफर हो जाएगा। मंगलवार को इसकी विधिवत शुरुआत तहसीलदार मोक्षदा देवांगन, एसबीआई शाखा प्रबंधक रजनीश श्रीवास्तव, समाजसेवी व पत्रकार सज्जाक खान और उप कोषालय अधिकारी विलास झाड़े की उपस्थिति में हुई।

उद्घाटन अवसर पर उप कोषालय अधिकारी विलास झाड़े ने बताया की अब तक विभिन्न शासकीय भुगतान जो कोषालय के माध्यम से होते थे उनका चेक डीडीओ को प्रदान किया जाता था, जिसे बैंक में वे जमा करते थे और बैंक क्लीयरेंस के पश्चात शासकीय भुगतान हो पाता था। इस प्रक्रिया में कोषालय भुगतान के बाद भी हितग्राही के खाते में राशि आने में तीन से चार दिनों का वक्त लग जाता था, लेकिन ई-पेमेंट से किया गया भुगतान कोषालय द्वारा सीधे हितग्राही के खातों में स्थान्तारित होगा। ई-पेमेंट की व्यवस्था प्रारंभ करने में संचनालय कोष लेखा एवं पेंशन रायपुर, वरिष्ठ कोषालय अधिकारी राजनांदगांव अभिषेक शर्मा, शाखा प्रबंधक भारतीय स्टेट बैंक रजनीश श्रीवास्तव का विशेष योगदान रहा।