छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में कोरोना बेकाबू है। यहां कोरोना की दूसरी लहर में भी कोरोना आफत बनकर आया था। अब एक बार फिर से यहां कोरोना की रफ्तार एक दम तेज है। मगर नेताओं की लापरवाही कम नहीं हो रही है। ऐसे ही कुछ तस्वीरें आई हैं भिलाई के नए महापौर नीरज पाल की। नीरज पाल अब कोरोना संक्रमित हो गए हैं। उन्होंने खुद इसकी जानकारी दी है। मगर कोरोना संक्रमित होने के पहले वो कैसे बिना मास्क के घूम रहे थे |
23 दिसंबर को जीते पार्षद का चुनाव
नीरज पाल ने 23 दिसंबर 2021 भिलाई नगर निगम के वार्ड 60 से पार्षद पद का चुनाव जीता था। उस दौरान भी वह बिना मास्क के भीड़ के साथ जश्न मना रहे थे। इसके बाद जब 6 जनवरी को उनका शपथ ग्रहण समारोह हुआ तो भी बिना मास्क के नजर आए। 6 जनवरी को उन्होंने भिलाई नगर निगम के महापौर पद की शपथ ली थी।
CM भूपेश ने पदभार ग्रहण करवाया था
08 जनवरी को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उन्हें पदभार ग्रहण कराया। इस दौरान भी उनका मास्क मुंह के जगह गले पर था। ये लापरवाही यहीं खत्म नहीं हुई। उसके अगले दिन यानी 9 और 10 जनवरी को भी नीरज पाल बिना मास्क के घूमते हुए दिखाई दिए।
बताया गया कि 10 तारीख को नीरज पाल ने बकायदा कांग्रेस नेताओं के साथ बैठकर नाश्ता किया था। वहीं वह शहर के सड़कों में भी निकले थे। उस दौरान भी देखा गया कि मास्क उनके चेहरे पर नहीं है। 10 जनवरी को नीरज पाल चंद्रा मौर्या अंडर ब्रिज के पास गए थे। यहां किसी नाली की जाली टूट गई थी। इस पर वह भड़क गए थे। उन्होंने अधिकारियों को बुलाकर व्यवस्था सुधारने के लिए निर्देश दिए। वहीं पता चला है कि 10 तारीख को नीरज को कुछ ठीक नहीं लग रहा था। जिसके चलते 10 जनवरी को उन्होंने पहले एंटीजन टेस्ट, फिर आरटीपीसीआर टेस्ट कराया। 11 जनवरी को अब उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई तब उन्होंने इसे सार्वजनिक किया। 08 जनवरी को महापौर का पदभार ग्रहण करने के बाद नीरज पाल ने भिलाई नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक की थी। तब उन्होंने कहा था कि सभी लोगों को कोरोना के खिलाफ उसी तरह काम करना है, जिस तरह दूसरी लहर के दौरान किया था। उन्होंने कहा चाहे कुछ भी हो जाए वह कोरोना के नए वैरिएंट ओमीक्रॉन को पनपने नहीं देंगे। इसके अलावा उन्होंने लोगों से कोविड गाइडलाइन का पालन करने की भी अपील की थी। लेकिन जब खुद के गाइडलाइन पालने करने की बात आई तो हालात क्या है,
नीरज पाल ही नहीं चुनाव परिणाम के बाद से लेकर शपथग्रहण कार्यक्रम तक कांग्रेस के कई नेताओं का यही हाल रहा। नीरज पाल के साथ कई तस्वीरों में भिलाई नगर के विधायक और भिलाई नगर निगम के पूर्व महापौर देवेंद्र यादव भी कई जगह भी बिना मास्क के नजर आए। इसके बाद अब उनकी भी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव है। फिलहाल उनका इलाज जारी है।
नेता जी का जीत के बाद भीड़ के साथ जश्न।
इसलिए बढ़ रही चिंता
दुर्ग जिले में कोरोना की दूसरी लहर भी बेहद खतरनाक थी। यहीं सबसे पहले कोरोना के आंकड़े बढ़ने शुरू हुए थे। इसके बाद पूरे प्रदेश में आंकड़ा बढ़ता चला गया। हालात ये हो गए कि दुर्ग जिले में कई लोगों की जानें गईं। जिसकी वजह से श्मशान घाटों में शव जलाने तक के लिए लोगों को बहुत परेशानियों का सामना करना पड़ा।
जिले में अभी क्या हैं हालात
दुर्ग जिले में कोरोना के हालात अब भी कुछ ठीक नहीं है। यहां फिर से मरीज लगातार बढने लगे हैं। यहां 04 जनवरी को 90, 05 जनवरी को 196, 6 जनवरी को 293, 7 जनवरी को 290, 8 जनवरी को 425, 09 जनवरी को 201 और 10 जनवरी 479 और 11 जनवरी को 950 मरीज मिले हैं जिले में अगर मौत के आंकड़ों की बात की जाए तो यहां अब तक 1806 लोगों की जान जा चुकी है।