मुंबई में कोरोना से हालात भयावह होते जा रहे हैं। स्वर कोकिला लता मंगेशकर भी इसकी चपेट में आ गई हैं। उन्हें संक्रमण के हल्के लक्षण हैं, लेकिन फिर भी एहतियात के तौर पर उन्हें ब्रीच कैंडी अस्पताल के ICU में भर्ती किया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, लता मंगेशकर को कोरोना और निमोनिया दोनों हुआ है। 92 साल की स्वर कोकिला को नवंबर 2019 में भी निमोनिया हो गया था। उस समय उन्हें सांस लेने में भी तकलीफ हुई थी और वे 28 दिन तक अस्पताल भर्ती रही थीं।
ईटाइम्स को ब्रीच कैंडी अस्पताल के डॉक्टर प्रतीक समधानी ने बताया, "लता मंगेशकर को शनिवार रात को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, वह निमोनिया से भी पीड़ित हैं।" प्रतीक ही पिछले कुछ साल से लता मंगेशकर का इलाज कर रहे हैं। हालांकि डॉक्टर प्रतीक ने आगे विस्तार से कोई जानकारी देने से मना कर दिया।
लता जी के लिए फैंस कर रहे दुआ
लता मंगेशकर के कोरोना पॉजिटिव होने और अस्पताल में भर्ती होने की खबर के बाद से ही देश में उनके लिए दुआओं का दौर शुरू हो गया है। लता जी को संगीत की दुनिया में 80 साल हो चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 30 हजार से ज्यादा गाने गाए हैं। संगीत में उनके योगदान को देखते हुए 2001 में भारत सरकार ने उन्हें सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से नवाजा था। 1989 में उन्हें दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड भी दिया गया। कई फिल्म फेयर और नेशनल अवॉर्ड भी वे जीत चुकी हैं।
ऋतिक रोशन की एक्स वाइफ भी कोरोना संक्रमित
इधर बॉलीवुड में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। एक्टर ऋतिक रोशन की एक्स वाइफ सुजैन खान भी संक्रमित हो गई हैं। सुजैन ने सोशल मीडिया पर अपनी एक फोटो शेयर कर लिखा, ''कोविड-19 को 2 साल तक चकमा देने के बाद तीसरे साल 2022 में जिद्दी ओमिक्रॉन वैरिएंट ने आखिरकार मेरे इम्यून सिस्टम में घुसपैठ कर ली है। कल रात मेरा कोविड-19 के ओमिक्रॉन वैरिएंट का टेस्ट पॉजिटिव आया है। कृपया सुरक्षित रहें और पूरी लगन से अपना ख्याल रखें। यह बहुत संक्रामक है।
नेहा पेंडसे, वीर दास और खुशी कपूर भी कोविड पॉजिटिव
सुजैन खान से पहले हाल ही में नेहा पेंडसे, जाह्नवी कपूर की बहन खुशी कपूर और वीर दास भी कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं। वीर दास और नेहा पेंडसे ने अपने कोविड पॉजिटिव होने की जानकारी सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर दी है। खबरों के मुताबिक, खुशी कपूर के कोविड-19 पॉजिटिव पाए जाने के बाद जाह्नवी कपूर और उनके पापा बोनी कपूर ने खुद को होम क्वारैंटाइन कर लिया है, दोनों की रिपोर्ट आनी अभी बाकी है। हाल ही में जाह्नवी के परिवार के सदस्य अर्जुन कपूर, अंशुला, रिया और करण बुलानी भी कोरोना की चपेट में आए थे, वो अब ठीक हो गए हैं।
यह सेलेब्स भी कोरोना की चपेट में आए
सुजैन खान, खुशी कपूर और वीर दास से पहले बीते कुछ दिनों में ईशा गुप्ता, मानवी गगरू, अरिजीत सिंह और उनकी पत्नी, मधुर भंडारकर, नफीसा अली, सिंगर-कंपोजर विशाल ददलानी, मिथिला पालकर, कुब्रा सैत, स्वरा भास्कर और उनकी पूरी फैमिली, मिमी चक्रवर्ती, एकता कपूर, मृणाल ठाकुर, राहुल रवैल, नकुल मेहता और उनकी फैमिली, शिखा सिंह, वरुण सूद, सुमोना चक्रवर्ती, दृष्टि धामी, जॉन अब्राहम, नोरा फतेही और शिल्पा शिरोडकर समेत कई सेलेब्स भी कोरोना की चपेट में आए। इनमें से कई होम क्वारैंटाइन में हैं, जबकि कई सेलेब्स कोरोना से रिकवर हो चुके हैं।