बच्चों को जागरूक होकर वैक्सीन लगाने पर उनको सम्मान के रूप में उपहार दिया जा रहा

त्वरित ख़बरें - : युवा कांग्रेस की ओर से चलाया जा रहा है जनजागरूकता अभियान, 74 ने मौके में ही लगवाया टीका

युवा कांग्रेस की ओर से कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस सात दिवसीय अभियान के अंतर्गत वैक्सीनेशन के प्रति जागरूक करने और उत्साह बढ़ाने के लिए गुरुवार को युवा कांग्रेस की ओर से वैक्सीन लगाओ, इनाम पाओ कार्यक्रम रखा गया था।

इस कार्यक्रम को बालक-बालिकाओं को अच्छा रिस्पांस मिला। कार्यक्रम महारानी लक्ष्मी बाई स्कूल में आयोजित किया गया। दोपहर 12 से 4 बजे तक वैक्सीनेशन कराने वाले 15 साल से 18 साल तक के बच्चों को कोविड टीकाकरण कार्ड दिखाने पर जिला युवा कांग्रेस द्वारा उपहार प्रदान किया गया। वैक्सीन लगाओ उपहार पाओ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महापौर हेमा देशमुख एवं विशिष्ट अतिथि जिला युवा कांग्रेस प्रभारी गुलजेब अहमद थे। इनके हाथों उपहार का वितरण कराया गया।

वैक्सीनेशन बहुत जरूरी: महापौर हेमा ने बताया कि युवा कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे अभियान से वैक्सीनेशन के प्रति बालक-बालिकाओंं में उत्साह बढ़ रहा है। बच्चों को जागरूक होकर वैक्सीन लगाने पर उनको सम्मान के रूप में उपहार दिया जा रहा है। कोरोना की तीसरी लहर से बचने के लिए वैक्सीनेशन कराना अति आवश्यक है। इस बात को ध्यान में रखते हुए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। युवा कांग्रेस द्वारा जनकल्याण एवं जनजागरूकता के लिए चलाया जा रहा यह अभियान एक सराहनीय प्रयास है।

प्रोत्साहित करना उद्देश्य
युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष मानव देशमुख ने बताया कि छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पूर्णचंद्र कोको पाढ़ी के निर्देशानुसार सात दिवसीय महाअभियान के तहत कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को प्रोत्साहित करना या आकर्षित करना था जो किन्ही कारणों से स्कूल नहीं आ रहे थे या वैक्सीनेशन नहीं करा रहे थे। उन बच्चों को उपहार देकर वैक्सीन लगाने के लिए प्रेरित किया गया ताकि वैक्सीनेशन की गति में तेजी आए। वैक्सीन लगाओ, उपहार पाओ कार्यक्रम के दौरान आंकड़ों सहित 74 बच्चों ने वैक्सीन लगाकर उपहार ग्रहण किया।

संक्रमण का खतरा बना हुआ है
कांग्रेस प्रदेश महासचिव एवं राजनांदगांव जिला प्रभारी गुलजेब अहमद ने कहा कि युवा कांग्रेस द्वारा चलाया जा रहा यह महाअभियान पूरे छत्तीसगढ़ के युवाओं को प्रेरित कर रहा है। तीसरी लहर एवं आगामी खतरे से लड़ने के लिए और सतर्क रहने के लिए जिला युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता तैयार हैं। कार्यक्रम के दौरान वार्ड पार्षद सतीश मसीह, पार्षद पूर्णिमा नागदेवे, एल्डरमैन राजा गुप्ता के साथ राजनांदगांव जिला युवा कांग्रेस से जिला संयोजक प्रतीक अग्रवाल, संयुक्त महासचिव सौम्य शर्मा, ब्लॉक महामंत्री सदाब अली, युवा कांग्रेस जिला महासचिव आफताब अहमद, संयुक्त महासचिव नितेश अग्रवाल, संयुक्त महासचिव शानू मेडी व अन्य उपस्थित रहे।