खैरागढ़ नगर पालिका में लॉटरी से बना कांग्रेसी अध्यक्ष

त्वरित ख़बरें - BJP-कांग्रेस को मिले थे 10-10 वोट, उपाध्यक्ष भी कांग्रेस का; भाजपा ने चुनाव प्रक्रिया पर उठाए सवाल

राजनांदगांव जिले की खैरागढ़ नगर पालिका में भी कांग्रेस ने कब्जा कर लिया है। यहां लॉटरी से अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का फैसला हुआ। दोनों ही पद में कांग्रेस उम्मीदवारों को जीत मिली है। बुधवार को जब मतदान हुए तो दोनों ही दलों को बराबर 10-10 वोट मिले थे। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद का फैसला होने के बाद भाजपा ने पूरी चुनावी प्रक्रिया पर ही सवाल उठाए हैं।

20 सीटों वाली इस नगर पालिका में कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दलों के 10-10 पार्षद जीतकर आए थे। यहां किसी भी दल को पूर्ण बहुमत नहीं था। ऐसे में मुकाबला काफी रोचक माना जा रहा था। मगर जब रिजल्ट घोषित किए गए तो बीजेपी कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जाहिर की है।

कांग्रेस ने यहां अध्यक्ष पद के लिए शैलेंद्र वर्मा को उम्मीदवार बनाया था। उपाध्यक्ष पद के लिए रज्जाक खान कांग्रेस की तरफ से मैदान में थे। बीजेपी की तरफ से चंद्रशेखर यादव अध्यक्ष और विनय देवांगन उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ रहे थे।  दोनों पदों के चुनाव के लिए बीजेपी-कांग्रेस के पार्षद सुबह ही नगर पालिका दफ्तर पहुंच गए थे। इसके अलावा बीजेपी कांग्रेस के बड़े नेता भी वहां पहुंच हुए थे। इसके बाद मतदान संपन्न हुआ। जिसमें दोनों ही दलों को बराबर वोट मिले। जिसके बाद पर्ची निकालकर ये फैसला किया गया है।