रायपुर – छत्तीसगढ़ में मानसून ने ट्रैक बदल लिया है. इससे अब प्रदेश में बारिश का दौर शुरू होने वाला है. रविवार को प्रदेशभर में इसका असर देखने को मिला. मौसम विशेषज्ञ संजय बैरागी के अनुसार सोमवार को भी अनेक स्थानों पर वर्षा के आसार हैं, जबकि एक दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी वर्षा के भी संकेत हैं. इसका क्षेत्र सरगुजा संभाग है.वहीं मध्य एवं दक्षिणी छत्तीसगढ़ के भी अधिकांश स्थानों पर वर्षा हो सकती है. इसके अलावा रायपुर में आकाश सामान्यतः मेघमय रहने के आसार हैं, जबकि अधिकतम तापमान 32, जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है.रविवार को राजधानी सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में वर्षा हुई. जिसमें सर्वाधिक वर्षा उत्तर छत्तीसगढ़ के ही कुछ क्षेत्रों में 16 सेमी तक, जबकि मध्य छत्तीसगढ़ में कुछ क्षेत्रों में न्यूनतम एक से दो सेमी वर्षा दर्ज की गई. मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान में 30 वर्षों के औसत की तुलना में गिरावट देखी जा रही है. सर्वाधिक गिरावट जगदलपुर में 4.2 डिग्री, पेंड्रा रोड में 2.7, अंबिकापुर में दो डिग्री, रायपुर में 0.7, दुर्ग में 0.6 और बिलासपुर में यह सामान्य औसत से 0.4 डिग्री सेल्सियस तक कम रहा.