जय सहकार जन कल्याण समिति की ओर से बेटियों की शादी में सहयोग करने का लिया संकल्प

त्वरित ख़बरें - गरीब की बेटी की शादी का उठाया पूरा खर्च ग्रामीणों ने उपहार भेंटकर दिया आशीर्वाद

जय सहकार जन कल्याण समिति की ओर से बेटियों की शादी में सहयोग करने का लिया संकल्प

जय सहकार जन कल्याण समिति की ओर से बेटियों की शादी में सहयोग करने का संकल्प लिया गया है। संस्था की ओर से गरीब और असक्षम परिवार की बेटियों की शादी भी कराई जा रही है। इस कड़ी में संस्था की ओर से 24 नवंबर को मरसपोटा धाम में एक बेटी की शादी कराई गई।

बघेरा निवासी स्व. संतोष कश्यप की बेटी भुनेश्वरी की शादी देवरी बालोद निवासी स्व. भागीरथी राज के बेटे कुमलेश्वर के साथ हुई। मरसपोटा मंदिर समिति ने भी इसमें मदद की। ग्रामीणों ने परिणय सूत्र में आबद्ध हुए जोड़े को उपहार भेंटकर आशीर्वाद दिया। वहीं मंदिर परिसर में मां काली की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा 25 नवंबर को होगी। इसकी तैयारी 21 नवंबर से चल रही है। नियमित रूप से यहां पर 21 पंडितों की ओर से पूजा-अर्चना की जा रही है।

21 जगह से जल लाए हैं: मंदिर समिति की ओर से प्राण प्रतिष्ठा के लिए 21 जगहों से जल लाया गया है। जलाभिषेक के साथ ही पूजा-अर्चना होगी। जन कल्याण समिति के कोषाध्यक्ष किशुन देवांगन ने बताया कि संस्था की ओर से हमारी बेटी कार्यक्रम के तहत विवाह का खर्च उठाया जा रहा है। एक जोड़े का विवाह कराया गया। मंदिर समिति की ओर से भी मदद की गई। समिति के कार्यकर्ता दिनभर व्यवस्था में जुटे रहे। मंदिर समिति के संरक्षक राकेश श्रीवास्तव ने बताया कि काली माता की प्रतिमा स्थापित की जा रही है। प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम रखा गया है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे हुए हैं।