छत्तीसगढ़ के नारायणपुर-बीजापुर जिला सीमा पर सुरक्षाबलों से मुठभेड़ में एक नक्सली मारा गया है. इस साल की शुरुआत से लेकर अब तक बीते पांच महीनों में 113 नक्सली मारे जा चुके हैं. यह एनकाउंटर उस वक्त हुआ जब सुरक्षाबलों की टीम एसटीएफ के साथ एक नक्सल विरोधी अभियान से वापस लौट रही थी. छत्तीसगढ़ के नारायणपुर-बीजापुर अंतर-जिला सीमा पर एक जंगल में सुरक्षाकर्मियों ने मुठभेड़ में एक नक्सली को ढेर कर दिया. शुक्रवार की सुबह यह एनकाउंटर हुआ इसको लेकर पुलिस ने कहा कि जंगल में सुरक्षाकर्मियों के साथ मुठभेड़ में एक नक्सली मारा गया है
न्यूज एजेंसी के मुताबिक एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ सुबह उस वक्त हुई जब स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की एक टीम नक्सल विरोधी अभियान के बाद लौट रही थी. एसटीएफ के जवान सुरक्षा बलों के उस संयुक्त दस्ते का हिस्सा थे, जिसने गुरुवार को बीजापुर-नारायणपुर सीमा पर पल्लेवाया-हंदावाड़ा इलाके में सात नक्सलियों को मार गिराया था.
उन्होंने बताया कि गुरुवार की मुठभेड़ के बाद सुरक्षाकर्मी अपने बेस पर लौट रहे थे, तभी नक्सलियों ने एसटीएफ की गश्ती टीम पर गोलीबारी की. इसके बाद सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभाला और दोनों ओर से गोलीबारी शुरू हो गई. इसी दौरान एक नक्सली मारा गया.
इस ऑपरेशन में दंतेवाड़ा, नारायणपुर और बस्तर जिलों के जिला रिजर्व गार्ड, बस्तर फाइटर्स और स्पेशल टास्क फोर्स के जवान शामिल हैं. रुक-रुककर मुठभेड़ अभी भी जारी है. जवान नक्सलियों का मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं और विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है.