भाजयुमो ने जोन कार्यालय घेरा;युवक के तालाब में डूबने पर आक्रोश कहा- निगम की लापरवाही से मौत, सफाई नहीं होने से जलकुंभी में फंसा

त्वरित खबरे

भाजयुमो भिलाई के महामंत्री लोकेश पाण्डेय ने कहा कि निगम प्रशासन की लापरवाही से लक्ष्मण कुमार उर्फ लक्की की मौत हुई है। वह मंगलवार सुबह 8 बजे तालाब में वॉलीबॉल को निकालने के लिए गया था। निगम द्वारा सफाई न कराने से तालाब में जलकुंभी काफी अधिक मात्रा मे हो गई थी। तालाब की गंदगी और जल कुंभी में फंस कर डूबने से उसकी मौत हो गई। नेहरू नगर जैसे पॉश इलाके में गुरुद्वारा के पास स्थित होने के बाद भी इस तालाब की हालत बद से बदतर है।

भेलवा तालाब के बगल से ही एक गार्डन है, जिसमें लोग सुबह शाम आते हैं। इसी पार्क में खेलते हुए कुछ बच्चों का वॉलीबॉल तालाब में चला गया था। जिसे निकालने में लक्की की जान गई। यह तालाब गंदगी और जल कुंभी से भरा पड़ा है। कई बार शिकायत के बाद भी निगम प्रशासन इसकी साफ़ सफाई पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। गंदगी के चलते तालाब के पानी से बदबू भी आ रहा है। यह तालाब नगर निगम जोन एक कार्यालय के पास होने के बाद भी इसका सही से रख रखाव नहीं किया जा रहा है।

नहीं हुई सफाई तो उग्र आंदोलन की चेतावनी

भाजयुमो कार्यकर्ता लोकेश पाण्डेय ने बताया कि उन्होंने जोन कमिश्नर को ज्ञापन देकर तालाब की साफ सफाई और जल कुंभी को हटाने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द इस तालाब की सफाई नहीं होती और दोबारा इस तरह की कोई घटना घटती है तो वह लोग नगर निगम कार्यालय भिलाई का घेराव कर उग्र आंदोलन करेंगे।

बुझ गया घर का चिराग

भाजयुमो कार्यकर्ताओं का कहना है लक्की के जान से उसकी विकलांग बूढ़ी मां का बुरा हालत है। एक लौते बेटे के जाने से मां के बुढ़ापे का सहारा छिन गया। इसे देखते हुए लक्की के घरवालों को 10 लाख रुपए का मुआवजा देने की मांग की गई है।