दुर्ग 24 जनवरी 2023
बलौदाबाजार जिले के कसडोल विकासखंड के ग्राम मड़वा में सामुदायिक भवन के लिए 20 लाख रुपए की राशि अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण द्वारा दी गई थी लेकिन कार्य एजेंसी पीडब्ल्यूडी द्वारा राशि आहरित नहीं किये जाने के कारण राशि लैप्स हो गई। प्राधिकरण की आज हुई बैठक में लैप्स राशि पुनः शासन से माँग करने का निर्णय लिया गया ताकि कार्य पूरा कराया जा सके। साथ ही राशि लैप्स होने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई का निर्णय भी लिया गया। बैठक अध्यक्ष भुनेश्वर बघेल की अध्यक्षता में हुई। साथ ही उपाध्यक्ष किस्मत लाल चंदेल, सदस्य दिनेश कोसरिया, दिनेश टंडन, श्रीमती सोनादेवी देशलहरा, रत्नावली कौशल भी मौजूद रहे। मौके पर संभागायुक्त महादेव कांवरे एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में 28 करोड़ रुपए के बजट पर चर्चा की गई और सदस्यों ने अपने प्रस्ताव रखे। कुछ भवनों के जीर्णोद्धार का प्रस्ताव भी बैठक में आया। इस पर निर्णय लिया गया कि मांग का परीक्षण कर इस संबंध में विचार किया जाएगा।
बैठक में प्राधिकरण द्वारा स्वीकृत किये गये सभी कार्यों की समीक्षा की गई। जिन जिलों में प्राधिकरण के कार्यों पर प्रगति नहीं हुई, उन पर असंतोष जाहिर किया गया और अगले महीने तक सभी कार्य समाप्त करने के निर्देश दिये गये। अध्यक्ष ने निर्देशित किया कि पंद्रह दिनों में पुनः कार्य की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
प्राधिकरण में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से भी सदस्य जुड़े और विभिन्न जिलों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में अध्यक्ष ने कहा कि प्राधिकरण द्वारा सभी प्रस्तावों पर विचार किया जाएगा और नागरिक जरूरतों के मुताबिक सबसे अच्छे कार्यों को बजट के अनुरूप लिया जाएगा। अध्यक्ष ने प्रस्ताव प्रेषित करने सभी सदस्यों के प्रति आभार जताया।