हाईवे पर रायपुर ग्रामीण पुलिस का सरप्राइज चेकिंग अभियान, ढाबों और होटलों की हुई सघन जांच

त्वरित खबरें:रायपुर प्रिया शर्मा ब्यूरो प्रमुख रिपोर्टिंग

रायपुर ग्रामीण पुलिस ने सड़क सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से रायपुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित ढाबों, होटलों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में विशेष आकस्मिक जांच अभियान चलाया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण स्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और अनुविभागीय पुलिस अधिकारी के मार्गदर्शन में थाना धरसीवा और पुलिस चौकी सिलतरा की टीम द्वारा संचालित किया गया।

जांच के दौरान पुलिस अधिकारियों ने ढाबा और होटल संचालकों को सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को लेकर माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से प्रतिष्ठानों में लगाई गई अत्यधिक तेज और चकाचौंध पैदा करने वाली हाई इंटेंसिटी लाइट्स को बंद रखने के लिए कहा गया, ताकि राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और दुर्घटनाओं की संभावना कम की जा सके।

पुलिस ने भारी वाहनों और ट्रकों को सड़क किनारे अनियंत्रित ढंग से खड़ा करने पर भी सख्त आपत्ति जताई। संचालकों और वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने तथा पार्किंग के दौरान पार्किंग लाइट अनिवार्य रूप से चालू रखने की हिदायत दी गई।

अभियान के दौरान पुलिस ने स्पष्ट किया कि बिना वैधानिक अनुमति के किसी भी ढाबे या होटल में शराब का विक्रय या सेवन कराना पूरी तरह प्रतिबंधित है। आबकारी अधिनियम और अन्य प्रासंगिक कानूनों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा, ढाबा और होटल संचालकों को किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अवैध कारोबार या कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाने या डायल-112 पर देने के लिए कहा गया।

रायपुर ग्रामीण पुलिस का कहना है कि यह विशेष अभियान सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने, अपराधों की रोकथाम करने और आम नागरिकों व वाहन चालकों के लिए सुरक्षित एवं व्यवस्थित माहौल सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि भविष्य में भी इस तरह की आकस्मिक जांच और निगरानी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।