अंतर की राशि ९१७रू दे साय सरकार - प्रदेश किसान संघ

त्वरित ख़बरें - दीपमाला शेट्टी रिपोर्टिंग

राजनांदगाँव/ समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में अंतर की राशि प्रति क्विंटल ९१७रू देने की मांग प्रदेश किसान संघ ने दोहराई  है । उल्लेखनीय है कि रविवार को साय केबिनेट ने फरवरी के दूसरे सप्ताह में अंतर की राशि का भुगतान ८००रू प्रति क्विंटल के हिसाब से करने का निर्णय लिया है । प्रदेश किसान संघ ने बुधवार को कार्यकारिणी बैठक कर अंतर की राशि में ११७रू कटौती को दुर्भाग्य जनक एवं किसान विरोधी बताया है एवं इसे लेकर सडक़ की लड़ाई तेज करने का निर्णय लिया है । विदित है कि पिछले साल अंतर की राशि ९१७ रू प्रति क्विंटल की दर से कृषक उन्नति योजना के माध्यम  से भुगतान की गई थी । इस साल मोदी सरकार ने धान के समर्थन मूल्य में ११७रू की बढ़ोत्तरी की है । जिससे समर्थन मूल्य बढक़र २३००रू प्रति क्विंटल हो गया है । इसमें ९१७रू अंतर की राशि जोडक़र ३२१७रू प्रति क्विंटल किसान को दिया जाना चाहिए । लेकिन अंतर की राशि में ११७ रू की कटौती किए जाने से किसान को ३१००रू ही मिलेंगे । ऐसे में मोदी सरकार के  समर्थन मूल्य वृद्धि का लाभ किसानों को नही मिल रहा है । जो कि उनके हक के खिलाफ है ।

रणनीति- आगामी नगरीय निकाय एवं पंचायत चुनाव में इसे उठाने का निर्णय लिया गया है ।