राजनांदगांव, 6 अप्रैल 2022.
वर्तमान दौर में व्यस्त जीवनशैली के बीच विशेषकर मानसिक तनाव पर नियंत्रण करते हुए, स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाए रखना किसी चुनौती से कम नहीं है। ऐसी चुनौती पर नियंत्रण करते हुए स्वास्थ्य सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरुक करने हेतु विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर जिले के सभी विकासखंडों में स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर लगाए जाएंगे।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के स्थापना दिवस के अवसर पर हर साल 7 अप्रैल को ‘विश्व स्वास्थ्य दिवस मनाया जाता है। इस साल की थीम 'अवर प्लानेट, अवर हेल्थ' यानी हमारा ग्रह, हमारा स्वास्थ्य है। “विश्व स्वास्थ्य दिवस” के अवसर पर वैश्विक स्वास्थ्य के महत्व की ओर लोगों का ध्यान आकृष्ट करने हेतु विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसी क्रम में इस वर्ष भी स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले के सभी विकासखंडों में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को स्वस्थ्य रहने के उपाय सुझाए जाएंगे तथा विभिन्न बीमारियों पर नियंत्रण हेतु परामर्श दिया जाएगा।
इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ.मिथिलेश चौधरी ने बतायाः “असंयमित दिनचर्या तथा असंतुलित जीवनशैली बेहतर स्वास्थ्य की दिशा में बड़ी बाधा बनते जा रहे हैं जबकि इस पर नियंत्रण करना जरूरी है। बीमारी से बचाव के लिए इलाज से कहीं ज्यादा जरूरी सावधानी है। बेहतर स्वास्थ्य के लिए भरपूर नींद, संतुलित आहार तथा व्यायाम आवश्यक है। इस दिशा में जनजागरुकता के लिए विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर 7 अप्रैल को सभी विकासखंडों में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला अस्पताल में पोस्ट कोविड फॉलोअप कैंप लगाया जाएगा। यह शिविर सुबह 9 से दोपहर 2 बजे तक लगाया जाएगा।” उन्होंने आगे बतायाः “शिविर में ह्दय रोग, किडनी रोग, मनोरोग, कान,नाक, गला रोग, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी (पेट से संबंधित रोग) और पलमोनोलॉजी (फेफड़ों से संबंधित रोग) के विशेषज्ञों द्वारा उचित परामर्श प्रदान किया जाएगा। शिविर में किसी भी उम्र के लोग जिन्हें कोविड -19 होने के बाद स्वास्थ्यगत परेशानियां हो रही हैं, वह पंजीयन करवा सकते हैं।इसके लिए पोस्ट कोविड की परेशानियों से पीड़ित मरीजों को पंजीयन कराना होगा। इसके बाद पंजीकृत मरीजों का विशेषज्ञों के माध्यम से चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया जाएगा।”
………………

Facebook Conversations