'विरासत भी, विकास भी': सिरपुर के यूनेस्को सूची में शामिल होने से छत्तीसगढ़ में पर्यटन और सांस्कृतिक धरोहर को मिलेगा नया आयाम...
त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

रायपुर | छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक और पुरातात्विक धरोहर के लिए एक बेहद गर्व का क्षण सामने आया है। प्राचीन नगरी सिरपुर को यूनेस्को की संभावित (टेंटेटिव) सूची में शामिल कर लिया गया है। इस उपलब्धि पर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के लिए एक ऐतिहासिक मील का पत्थर बताया है।

 शिक्षा, संस्कृति और आध्यात्मिकता का केंद्र रहा है सिरपुर

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिरपुर हमारी समृद्ध सभ्यता, कला, आध्यात्मिकता और ज्ञान परंपरा की एक अनमोल धरोहर है। प्राचीन काल से ही सिरपुर शिक्षा, संस्कृति, धर्म और स्थापत्य कला का एक प्रमुख केंद्र रहा है। यहाँ की ऐतिहासिक और पुरातात्विक विरासत छत्तीसगढ़ के गौरवशाली अतीत की जीवंत पहचान है।

 ‘विरासत भी, विकास भी’ के संकल्प को मिल रही वैश्विक पहचान

मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि ‘विरासत भी, विकास भी’ के संकल्प के साथ देश की सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण, संवर्धन और उन्हें वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में लगातार कार्य हो रहा है। इसी भावना के अनुरूप छत्तीसगढ़ सरकार भी प्रदेश की ऐतिहासिक धरोहरों को संरक्षित करते हुए पर्यटन की नई संभावनाओं से जोड़ने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

 अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिलेगी नई पहचान

यूनेस्को की संभावित सूची में नाम दर्ज होने से सिरपुर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्ता को अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान मिलेगी, जिससे वैश्विक पटल पर छत्तीसगढ़ के पर्यटन को भी जबरदस्त प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। सरकार का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आने वाली पीढ़ियां अपनी इस गौरवशाली विरासत से भली-भांति परिचित हो सकें और छत्तीसगढ़ की संस्कृति की कीर्ति पूरी दुनिया में और अधिक विस्तारित हो।

संपादकीय नोट:

सिरपुर (महासमुंद जिला, छत्तीसगढ़) अपनी पांचवीं से आठवीं शताब्दी के बौद्ध, जैन और हिंदू मंदिरों, ईंटों से बने प्राचीन लक्ष्मण मंदिर और पुरातात्विक अवशेषों के लिए पूरी दुनिया में प्रसिद्ध है। यूनेस्को की संभावित सूची में शामिल होना इसके मुख्य सूची में जाने की दिशा में एक अहम कदम है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations