टीम के साथ लोगों के घर पहुंचे कलेक्टर, कहा-“डरव झन हमर ऊपर भरोसा करव अउ कोविड टीका लगवावव”
त्वरित ख़बरें - कोरोना टीका विशेष महाअभियान में छूटे हुए लोगों को टीकाकरण के लिए किया प्रेरित

टीम के साथ लोगों के घर पहुंचे कलेक्टर, कहा-“डरव झन हमर ऊपर भरोसा करव अउ कोविड टीका लगवावव”

कबीरधाम /  कोविड-19 व इसके नए वैरिएंट ओमिक्रोन से बचाव के लिए कोविड टीकाकरण को ही कारगर माना जा रहा है। यही वजह है कि जिला प्रशासन द्वारा इस दिशा में अधिक संवेदनशील होकर लोगों को शत-प्रतिशत टीकाकृत करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। जिले में दो दिन तक आयोजित कोरोना टीका विशेष महाअभियान के दौरान कलेक्टर अपनी टीम के साथ गांव-गांव ही नहीं बल्कि घर-घर तक पहुंचे और लोगों से कहा, ' हमन भी कोविड टीका लगवाए हन अउ स्वस्थ हन। आप मन भी डरव झन, हमर ऊपर भरोसा करव अउ कोविड टीका जरूर लगवावव।' 

जिला कलेक्टर रमेश कुमार शर्मा ने अपनी टीम के साथ पंडरिया के कुंडा सहित आसपास के गावों में घर-घर भ्रमण कर छूटे हुए लोगों को कोविड टीका लगवाने के लिए प्रेरित किया। कई घरों में जाकर उन्होंने छूटे हुए हितग्राहियों को अपने सामने टीकाकृत करवाया। कलेक्टर की इस प्रेरक शैली की लोगों में काफी सकारात्मक चर्चा है। कलेक्टर ने लोगों से अपना और अपनी टीम के सदस्यों का उदाहरण देकर कहा कि 'हम सबने कोविड का टीका लगवाया है और सभी आप लोगों के सामने स्वस्थ खड़े हैं, इसलिए आप लोग डरें नहीं, हम पर भरोसा करें और टीका जरूर लगवाएं।' कलेक्टर की इस सहज शैली से प्रभावित होकर छूटे हुए हितग्राही भी टीका लगवाने के लिए राजी हो गए। 

 इसी तरह जिला प्रशासन के निर्देश पर जिले के सभी ग्रामों में कोरोना टीकाकरण का महाभियान चलाया गया। देवकर डीएसपी सहित कई विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में लोगों को टीकाकरण के प्रति जागरूक किया गया। पूर्ण वैक्सीनेशन के लिए कोरोना टीका विशेष महाअभियान के तहत जिले भर में दो दिन सुबह से लेकर रात 8 बजे तक टीकाकरण किया गया। देवकर व आसपास के ग्राम पंचायतों में इस महाभियान का व्यापक असर देखने को मिला। देवकर नगर में नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता व बेमेतरा के डीएसपी अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। शुरुआत में आम लोगों में टीकाकरण को लेकर कई प्रकार की भ्रांतियों के चलते भय भी देखा जा रहा था लेकिन स्वास्थ्य विभाग व अन्य विभाग के कर्मचारियों ने उन्हें टीकाकरण के फायदे बताए और टीका लगवाया गया। इस अभियान के तहत टीकाकरण में सम्मिलित सभी टीमों ने घर-घर दस्तक देकर जिन लोगों ने कोरोना का टीका नहीं लगाया था , उन्हें टीका लगाया। आसपास की ग्राम पंचायतों में पटवारी, सचिव, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता व स्वास्थ्य कार्यकर्ता घर-घर पहुंचे। 

इस संबंध में जिला पंचायत सीईओ व टीकाकरण के नोडल अधिकारी विजय दयाराम ने बताया, “कबीरधाम जिले में अब तक कुल 81.61 फीसदी लोगों को वैक्सीन का पहला और 43.68 फीसदी लोगों को दोनों डोज लगाए जा चुके हैं। नवंबर माह में ही 1,62,508 लोगों को टीके लगाए गए हैं।“

जहां गाड़ियां नहीं पहुंचती, वहां पैदल पहुंची टीम 

वैश्विक महामारी के खिलाफ जंगल में टीकाकरण अभियान को हर गांव व घर तक पहुंचाने के लिए प्रशासन कोई कसर नहीं छोड़ रहा है। अभियान को पूरा करने के लिए दुर्गम इलाकों में जहां गाड़ियां नहीं पहुंचती, वहां मेडिकल टीम पैदल चलकर पहुंच रही है। घरों, सड़कों और खेत में पहुंचकर लोगों को टीके लगाए गए। इसी का नतीजा है कि कबीरधाम जिले के 202 गांव ऐसे हैं, जहां 100 फीसदी लोगों का पूर्ण हो चुका है। 

बैगा आदिवासियों को उन्हीं की बोली में किया जागरूक

भ्रम के कारण जिले के लोग टीकाकरण से बच रहे थे। ऐसे में शत फीसदी टीकाकरण के लिए जागरूकता बहुत जरूरी थी, इसे गंभीरता से लेते हुए दुर्गम इलाकों में जहां जागरूकता की कमी थी, वहां समाज प्रमुखों की मदद ली गई। पंडरिया और बोड़ला ब्लॉक के कई दूरस्थ गांव ऐसे हैं जहां स्थानीय बैगा आदिवासियों को उन्हीं की बोली (भाषा) में जागरूक किया गया।

...............................

YOUR REACTION?

Facebook Conversations