टीका तुंहर दुआरी" नाम से कोरोना टीकाकरण का महाकुंभ आज - कोरोना टीका लगवाने हेतु लोगों को प्रेरित करने घर-घर पहुंची टीम
कबीरधाम, 20 दिसंबर 2021. कोरोना संक्रमण व इसके नए वैरिएंट ओमिक्रॉन की रोकथाम तथा इससे बचाव का प्रयास करते हुए कोरोना टीकाकरण को प्राथमिकता में रखा गया है। इसी क्रम में आगामी 21 दिसंबर को 'टीका तुंहर दुआरी' नाम से कोविड टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा, जिसके लिए जिला प्रशासन की टीम घर-घर जाकर लोगों से कोरोना टीके की दोनों डोज अवश्य लगवाने की अपील कर रही है।
जिले में कोविड टीकाकरण के लिए सभी वर्ग द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं और इसके बेहतर नतीजे भी मिल रहे हैं। कोविड टीकाकरण को गति देने के लिए जिला कलेक्टर रमेश कुमार शर्मा ने गत दिनों तमाम सम्बन्धित विभागों की बैठक लेकर जारी टीकाकरण के अलावा रविवार को शहरी तथा मंगलवार को ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर छूटे हुए लोगों को टीकाकृत करने का निर्देश दिया है। इस अभियान को 'टीका तुंहर दुआरी' नाम दिया गया है। 'टीका तुंहर दुआरी' कार्यक्रम की सार्थकता के लिए जिला प्रशासन के अधिकारियों की टीम ने शहर के अनेक वार्डों में डोर टू डोर संपर्क किया तथा छूटे हुए हितग्राहियों को कोरोना टीका शीघ्र लगवाने हेतु प्रेरित किया। इसी तरह कई लोगों को उच्च अधिकारियों समेत जनप्रतिनिधियों, सामाजिक-धार्मिक संगठनों व प्रबुध्दजनों द्वारा समझाइश देकर कोविड टीका लगवाया जा रहा है। जिला प्रशासन के द्वारा अपील, व्यक्तिगत भेंट, बैठकों व सोशल मीडिया में प्रचार के माध्यम से भी लोगों को कोरोना टीका लगवाने हेतु जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।
इस संबंध में कबीरधाम के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र कुमार मंडल ने बताया, “कोरोना टीकाकरण अभियान की शत-प्रतिशत सफलता हेतु टीकाकरण की महत्ता का संदेश प्रत्यक्ष अथवा फोन के माध्यम से सभी तक पहुंचाया जा सके इसका हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। यह हम सबकी जिम्मेदारी है कि सभी लोग कोविड का टीका लगवाएं, क्योंकि कोविड के साथ अब उसके नए वेरिएंट का भी खतरा बढ़ गया है। इन खतरों से बचाव के लिए कोविड टीका, मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग ही प्राथमिक उपाय हैं”। उन्होंने सर्व समाज,सामाजिक-धार्मिक संगठनों व जागरूकजनों से अपील की है कि “सभी लोग कोविड टीकाकरण अवश्य कराएं तथा छूटे हुए लोगों को इसके लिए प्रेरित करें और इस अभियान की सफलता में योगदान दें”।
50 से अधिक समाज व संगठनों से चर्चा
कोरोना टीकाकरण हेतु'टीका तुंहर दुआरी' अभियान की सार्थकता के लिए कलेक्टर ने स्वयं समाज के सभी तबकों के पदाधिकारियों व धार्मिक संगठनों समेत अन्य लोगों से फोन पर चर्चा की और टीकाकरण हेतु लोगों को प्रेरित करने के लिए अपील की है। अब तक 50 से अधिक समाज व संगठनों के पदाधिकारियों से इस विषय पर चर्चा हो चुकी है।
..........................

Facebook Conversations