कबीरधाम, 19 अप्रैल 2022.
ट्यूबर क्लोसिस या टीबी के प्रति लोगों में जागरूकता के लिए चलाए गए टीबी खोज अभियान में एक ही दिन में जिले भर से 20 नए टीबी मरीजों की पहचान की गई है। इस नतीजे के आधार पर कबीरधाम जिला, राज्य का ऐसे इकलौते जिले के रूप में सामने आया है जहां टीबी डे पर विशेष अभियान चलाकर इतनी बड़ी संख्या में मरीज चिन्हित किए गए हैं। एक ही दिन में एक साथ बड़ी संख्या में स्क्रीनिंग कर टीबी मरीज के रूप में 20 लोगों की पहचान होने पर अब उनके परिजनों और संपर्क में आए लोगों की भी स्क्रीनिंग की जा रही है। वहीं सभी मरीजों का उपचार शुरू कर दिया गया है।
राष्ट्रीय कार्यक्रमों की सार्थकता सिद्ध करने व लोगों में सम्बन्धित कार्यक्रमों के उद्देश्यों को प्रचारित कर जनजागरूकता बढाने के उद्देश्यों के साथ विविध तारीखों में अलग-अलग कार्यक्रमों का दिवस मनाया जाता है। इसी कड़ी में समाज को टीबी की बीमारी से मुक्त करने के लिए गत 24 मार्च को टीबी दिवस मनाया गया। इस अवसर पर सीएमएचओ डॉ.सुजॉय मुखर्जी के नेतृत्व में ट्यूबर क्लोसिस के प्रति लोगों में जागरूकता के लिए विभिन्न जागरुकता कार्यक्रमो के साथ टीबी खोज अभियान भी चलाया गया जिसमें एक ही दिन में जिले से 20 नए टीबी मरीजों की पहचान की गई है।
जिला टीबी कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ.बी.एल. राज ने बतायाः "विश्व टीबी दिवस के अवसर पर कबीरधाम शहरी क्षेत्र में 120 लोगों की स्क्रीनिंग की गई, जिसमें 55 सम्भावित मरीज चिन्हांकित किए गए थे। इनमें से टीबी के 4 मरीज मिले। इसी प्रकार बोड़ला में 45 लोगों की स्क्रीनिंग की गई, इसमें से 20 लोग सम्भावित मिले और 4 मरीज पाए गए। पंडरिया विकासखण्ड में 93 लोगों की स्क्रीनिंग की गई जिसमें से 65 लोग सम्भावित चिन्हांकित किए गए और 9 लोगों में टीबी की बीमारी पाई गई।" डॉ. राज ने आगे बताया, "सहसपुर लोहारा विकासखण्ड में 375 लोगों की स्क्रीनिंग की गई जिसमें से 57 लोग सम्भावित मिले और 3 लोगों में टीबी बीमारी पाई गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिपरिया में 49 लोगों की स्क्रीनिंग की गई जिसमें से 31 लोग सम्भावित मिले लेकिन इनमें से एक भी व्यक्ति में टीबी नहीं पाई गई। अभियान में चिन्हित किए गए सभी मरीजों का उपचार शुरू कर दिया गया है तथा स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा सभी का नियमित फॉलो अप लिया जा रहा है।"
स्वास्थ्य संचालक व जिला कलेक्टर ने की सराहना
जिले में टीबी दिवस के अवसर पर जनजागरूकता अभियान के साथ-साथ आयोजित किए गए रक्तदान शिविर और टीबी मरीज खोज अभियान की स्वास्थ्य संचालक छत्तीसगढ़ शासन व जिला कलेक्टर द्वारा सराहना की गई है। स्वास्थ्य संचालक द्वारा पूरी टीम को आगे भी इसी तरह लगन से कार्य करते हुए राज्य को टीबी मुक्त करने के लक्ष्य को पूरा करने की उम्मीद भी जताई गई है। वहीं कलेक्टर रमेश कुमार शर्मा ने सीएमएचओ सहित पूरी स्वास्थ्य टीम को शुभकामनाएं देते हुए आगे की रणनीति पुख्ता करने को कहा है, जिससे टीबी बीमारी मुक्त समाज की परिकल्पना को साकार किया जा सके।
……………………………..

Facebook Conversations