तलाक का केस वापस न लेने पर ससुर की हत्या, दामाद ने दी 5 लाख की सुपारी; 3 आरोपी गिरफ्तार...
त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

अंबिकापुर के रसूलपुर इलाके में 70 वर्षीय एलआईसी एजेंट बशीरुद्दीन सिद्दीकी की घर में घुसकर चाकू मारकर हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में मृतक के दामाद नाजीम सबा समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, हत्या के लिए 5 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी, जिसमें 10 हजार रुपये एडवांस के तौर पर दिए गए थे।

पुलिस जांच में सामने आया कि बशीरुद्दीन की बेटी सादिया शारीन सिद्दीकी का अपने पति नाजीम सबा के साथ तलाक का मामला कोर्ट में चल रहा था। आरोप है कि तलाक का केस वापस नहीं लेने को लेकर नाजीम ने मायके पक्ष को जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस के मुताबिक, इसी रंजिश में उसने अपने ससुर की हत्या की साजिश रची।

जांच के दौरान पता चला कि नाजीम ने झारखंड के पलामू जिले के चैनपुर निवासी कंचन कुमार और अन्य आरोपियों को हत्या के लिए अंबिकापुर बुलाया था। उनके ठहरने की व्यवस्था भी नाजीम ने की थी। 16 सितंबर को आरोपियों ने किराए का मकान देखने के बहाने बशीरुद्दीन के घर में प्रवेश किया और उन पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बशीरुद्दीन की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

पुलिस ने कंचन कुमार की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल बाइक, खून से सना कपड़ा और बस टिकट जब्त किया है। मामले में कुछ अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है। मौत के बाद मामले में हत्या की धारा 103 भी जोड़ी गई है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations