सूरजपुर में हाथी के हमले से युवती की मौत
त्वरित ख़बरें - बहन के साथ बकरी चराने जंगल गई थी, अचानक आया गजराज; किसी तरह एक की बची जान

छत्तीसगढ़ में हाथियों का उत्पात लगातार जारी है। इस बार हाथी ने सूरजपुर में एक युवती को मार दिया। युवती अपनी बहन के साथ जंगल में बकरी चराने गई थी। इसी दौरान हाथी से दोनों बहनों का सामना हो गया। फिर हाथी ने एक युवती को पटक-पटक मार दिया और वहां से निकल गया। दूसरी बहन किसी तरह जान बचाकर भागी। मामला घुई वन रेंज का है।

जानकारी के मुताबिक, घुई की रहनी वाली मान कुंवर(20) अपनी बहन के साथ सुबह के वक्त घुई के जंगल में बकरी चराने गई थी। दोनों रोज बकरी चराने जंगल की ओर जाया करती थीं। शनिवार को भी दोनों बकरी चरा रहे थीं। इसी दौरान दोनों बहनों का सामना हाथी से हो गया। मान कुंवर कुछ कर पाती। इसके पहले ही हाथी ने उस पर हमला कर दिया और उसे पटकने लगा। उसकी बहन वहां से किसी तरह भाग गई। तब जाकर उसकी जान बची। हाथी के बार-बार पटकने के चलते युवती की मौके पर ही मौत हो गई। उधर, बहन भी भागते हुए घर पहुंची और उसने अपने परिजनों को इस बात की जानकारी दी। यह सुनकर परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। मगर तब तक युवती की जान जा चुकी थी। घटना के बाद वन विभाग को भी इस बात की जानकारी दी गई। खबर लगते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा दिया।

35 हाथियों का घूम रहा दल

बताया जा रहा है कि घुई वन रेंज में 35 हाथियों का दल पिछले कुछ दिनों से विचरण कर रहा है। कुछ दिन पहले ही यहां हाथियों ने कुछ लोगों की फसलों को चौपट कर दिया। वन विभाग की टीम इन हाथियों पर नजर बनाए हुए है।

4 महीने पहले युवक को मारा

सूरजपुर के प्रतापपुर वन परिक्षेत्र में इससे 4 महीने पहले हाथी ने एक 35 साल के युवक को मार दिया था। उस दौरान भी यहां पर करीब 33 हाथियों का दल घूम रहा था। तब ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया था। ग्रामीणों का कहना था कि वन विभाग हाथियों के मूवमेंट की जानकारी नहीं देता। जिसके चलते लोगों की जान जाती है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations