स्त्री की आत्मनिर्भरता का सबसे बड़ा साधन है ख़ुद की आय। यह कम भी हो तो कुछ न होने से तो बेहतर ही होती है। एक बार शुरुआत करने के बाद आय बढ़ाने के उपाय भी मिल ही जाते हैं। इसलिए कामकाजी हों या गृहिणियां, आय पाने या बढ़ाने के लिए नए ज़रिए तलाश सकती हैं- जो आसान हों और अपनी दिलचस्पी के भी।
घर बैठे कमाई
फ्रीलांसिंग जॉब्स आय का अच्छा ज़रिया हैं। महिलाएं घर पर रहकर अपनी सुविधा के मुताबिक़ कई तरह के काम कर सकती हैं। किसी वेबसाइट के लिए ब्लॉग या रेसिपी लिख सकती हैं, प्रकाशन के लिए एडिटिंग और प्रूफरीडिंग कर सकती हैं। इसके अलावा चित्र या क्राफ्ट के लिए भी कई विकल्प हैं। एजूकेशन वेबसाइट्स के ज़रिए ऑनलाइन पढ़ा भी सकती हैं। इनके अलावा भी कई फ्रीलांसिंग काम हैं जिन्हें अपनी दिलचस्पी के अनुसार चुन सकती हैं।
हस्तनिर्मित वस्तुएं
ई-कॉमर्स की मदद से हस्तनिर्मित चीज़ें ग्राहकों तक पहुंचा सकती हैं। मान लीजिए कि आप अचार बनाती हैं और उसे बेचना चाहती हैं तो उसके लिए दुकान खोलने की आवश्यकता नहीं है। केवल इंटरनेट कनेक्शन और पेमेंट मर्चेंट की आवश्यकता है। कई नामी ई-कॉमर्स वेबसाइट्स हैं, जिनके ज़रिए आप अपना सामान बेच सकती हैं। उस एप या वेबसाइट पर लॉगइन करके जानकारियां भरें। सामान की जानकारी और तस्वीर अपलोड करें। सामान ग्राहक तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी कंपनी की होगी। सामान बिकने पर कंपनी कमीशन का कुछ हिस्सा काटकर शेष आपके अकाउंट में भेज देगी।

Facebook Conversations