सिस्टम फेल... एक साथ 4 गांवों के किसानों को बुलाया इसलिए पीपरछेड़ी में मची भगदड़
त्वरित खबरे

पीपरछेड़ी केंद्र में समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए टोकन जारी करने सेवा सहकारी समिति की ओर से एक साथ चार गांव के किसानों को बुलाया गया। इसकी जानकारी मिलने के बाद रात से सुबह तक किसान पहुंचते रहे, इसलिए जब गेट खुला तो भगदड़ की स्थिति बन गई। नतीजतन कई लोगों को चोटें आई।

स्वास्थ्य विभाग ने पुष्टि की है कि हाथ, पैर व शरीर के अन्य भागों में चोटें लगने के बाद इलाज कराने 17 लोग प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे थे। कई ऐसे भी थे, जिनको चोटें लगी लेकिन नहीं पहुंचे। पीपरछेड़ी में भगदड़ की स्थिति की जानकारी जिला से राज्य स्तर के अफसरों को मिलने के बाद दोपहर से शाम तक प्रशासनिक अफसर केंद्र का दौरा करते रहे। समिति की ओर से सूचना मिलने के बाद राजस्व विभाग के अफसर और बालोद थाने से पुलिसकर्मी भी पहुंचे थे। जिसकी मौजूदगी में ऋण पुस्तिका पर्चा जमा हुआ। जिसके आधार पर शाम 4.30 बजे के बाद टोकन वितरण किया गया। बताया गया कि पीपरछेड़ी केंद्र में भगदड़ के बाद कार्यालय के अंदर भी कई किसान पहुंच गए थे। इसकी सूचना थाने में दी गई। धान खरीदी 1 दिसंबर से शुरू होगी। इस बार देरी से खरीदी की शुरुआत हो रही है। ज्यादातर किसान धान काट चुके हैं और जल्द बेचने चाहते हैं।

आदेश: समिति प्रबंधक तत्काल प्रभाव से निलंबित
पीपरछेड़ी के समिति प्रबंधक यशवंत कुमार साहू को कार्य में लापरवाही बरतने पर जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक दुर्ग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने आदेश जारी कर तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है। उन्होंने गांवों में मुनादी के बाद समिति में उमड़ी भीड़ के लिए किसी प्रकार की व्यवस्था नहीं की थी।

समिति की सूचना के बाद 40-45 महिलाएं पहुंचीं थीं
समिति ने सूचना दी थी कि जिन महिलाओं के नाम खेती जमीन है, उनको ही टोकन मिलेगा और इसके लिए पर्चा जमा करने आना होगा। इसलिए 40-45 महिलाएं भी पहुंच गई थी। समिति अध्यक्ष रोमन साहू ने बताया कि महिलाओं के लिए अलग व्यवस्था बनाई गई थी। अव्यवस्था के चलते सभी को टोकन जारी नहीं हो पाया।

हाथ व पैर में चाेट, इलाज के बाद सभी हुए डिस्चार्ज
भगदड़ की वजह से माखन साहू, अनुसुइया बाई, शांति बाई निषाद, खेमिन साहू, बिसनाथ साहू, धर्मिन बाई, रामेश्वरी सोरी, गंधो बाई साहू, केश्वरी, गंगा बाई, रेखा साहू, मीरा, मुलिया, मनभा बाई, कुंजेलाल, किरण साहू, कृष्णा बाई को चोटें आई। सभी के हाथ, पैर में चोटें आई थी। इलाज के बाद सभी को डिस्चार्ज किया गया।

सभी गांवों के प्रमुख किसानों की बैठक हुई
राजस्व विभाग के अफसरों व पुलिस जवानों के बीच किसानों ने पर्चा जमा किया। माहौल शांत होने के बाद 4 गांव के 5-5 प्रमुख किसानों को बुलाया गया। यह निर्णय लिया गया कि एक दिन धान बेचने के लिए पीपरछेड़ी व चारवाही के किसान आएंगे फिर अगले दिन भेंगारी व भेड़िया नवागांव के किसान।

पर्चा जमा करने 300 से ज्यादा किसान पहुंचे थे
पीपरछेड़ी केंद्र में समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए चार गांव पीपरछेड़ी, चारवाही, भेड़िया नवागांव व भेंगारी के लगभग 1152 किसान पंजीकृत है। रविवार रात से सोमवार सुबह 10.30 बजे तक 300 से ज्यादा किसान टोकन के लिए पर्चा जमा करने के लिए पहुंचे थे। दरअसल अधिकांश किसान कटाई, मिंजाई के बाद जल्द से जल्द धान बेचना चाह रहे है। इसलिए टोकन मिलने की जानकारी मिलने के बाद समिति का गेट खुलने के पहले पहुंच गए थे। जल्दबाजी के चक्कर में यह स्थिति बन रही है।

जिनका पर्चा जमा, उन्हें घर जाकर देंगे टोकन
मामले की जानकारी मिलने के बाद वास्तविक स्थिति जानने के लिए कलेक्टर जनमेजय महोबे खुद पीपरछेड़ी केंद्र पहुंचे और संबंधितों से चर्चा की। एक दिसंबर से धान खरीदी शुरू करना है। इसलिए जो किसान पर्चा जमा कर चुके है, उन्हें घर-घर जाकर टोकन देने के लिए कहा गया है ताकि विवाद की स्थिति न बनें। यह निर्णय लेने की एक वजह यह भी रही कि अधिकांश किसान पर्चा जमा करने के बाद घर चले गए थे।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations