बॉलीवुड की जानी-मानी प्लेबैक सिंगर श्रेया घोषाल ने अपने बेटे देव्यान की पहली झलक सोशल मीडिया पर शेयर की है। देव्यान छह महीने के हो गए हैं इसलिए श्रेया ने इंस्टाग्राम पर एक प्यारा सा नोट लिखकर बेटे की झलक दिखाई है।
श्रेया ने लिखा, हैलो, मैं देव्यान हूं। मैं आज ही छह महीने का हुआ हूं। आजकल मैं अपनी आसपास की दुनिया को देखने, अपने पसंदीदा गानों को सुनने, कई तस्वीरों से सजी किताबों को पढ़ने और मां के जोक्स पर हंसने और उनके साथ बातचीत में बिजी रहता हूं। वह मुझे समझती हैं। अपना प्यार और आशीर्वाद देने के लिए धन्यवाद।
मार्च में अनाउंस की थी प्रेग्नेंसी की खबर
शादी के छह साल बाद श्रेया घोषाल ने मार्च, 2021 में प्रेग्नेंसी की खबर अनाउंस की थी। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा था, "बेबी श्रेयादित्य आनेवाला है। शिलादित्य और मैं आपके साथ यह खबर साझा करते हुए बेहद खुश हैं। आप सबके प्यार और आशीर्वाद की जरूरत है। क्योंकि हम जिंदगी के इस नए चैप्टर के लिए तैयार हैं।" 22 मई को श्रेया ने बेटे के जन्म की जानकर सोशल मीडिया पर दी थी और बताया था कि वह मां बन गई हैं।
5 फरवरी 2015 को की थी गुपचुप शादी
5 फरवरी 2015 को श्रेया घोषाल ने लॉन्ग टाइम ब्वॉयफ्रेंड शिलादित्य मुखोपाध्याय से शादी की थी। यह सेरेमनी पूरी तरह प्राइवेट अफेयर थी, जिसमें दोनों के फैमिली मेंबर्स और चुनिंदा दोस्त ही शामिल हुए थे। खुद श्रेया ने इसकी जानकारी 6 फरवरी को अपने फैन्स को दी थी। उन्होंने शादी की एक फोटो शेयर करते हुए फेसबुक पर लिखा था, "अपनी फैमिली और फ्रेंड्स की मौजूदगी में मैंने अपने प्यार शिलादित्य से शादी कर ली है, नए जीवन के रोमांच को लेकर एक्साइटेड हूं।"
'देवदास' से शुरू किया बॉलीवुड का सफर
श्रेया ने अपने बॉलीवुड करियर की शुरुआत शाहरुख खान, माधुरी दीक्षित और ऐश्वर्या राय बच्चन स्टारर 'देवदास' से उन्होंने बॉलीवुड में गाना शुरू किया था। 75वें चिल्ड्रेन्स डे स्पेशल शो में जब डायरेक्टर संजय लीला भंसाली ने श्रेया का परफॉर्मेंस देखा तो वे इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने फिल्म 'देवदास' में उन्हें गाने का मौका दे दिया।
एक इंटरव्यू में श्रेया ने कहा था, " संजय जी ने मेरा पता लगाने की कोशिश की। मैं उस फोन कॉल को हमेशा याद रखूंगी। मुझे भरोसा नहीं हो रहा था कि 'हम दिल दे चुके सनम' के डायरेक्टर लाइन पर हैं और मुझसे बात कर रहे हैं।" श्रेया ने 'देवदास' में पांच गानें 'सिलसिला ये चाहत का..', 'बैरी पिया...' , 'छलक-छलक...', 'मोरे पिया...' और 'दिल डोला रे...' गाने गाए थे, जिन्हें खूब सराहना मिली थी।
श्रेया 'ज़हर', 'परिणीता', 'रब ने बना दी जोड़ी', 'विवाह', 'द किलर', 'हॉलिडे', 'ओम शांति ओम', 'जब वी मेट', '3 इडियट्स', 'द डर्टी पिक्चर', 'बोल बच्चन', 'पीके', 'कलंक', 'तान्हाजी: द अनसंग' वॉरियर जैसी फिल्मों में गाने गा चुकी हैं। श्रेया अब तक 4 नेशनल और 16 फिल्मफेयर (10 साउथ फिल्मफेयर समेत) अपने नाम कर चुकी हैं।

Facebook Conversations