राजनांदगांव 8 अप्रैल
शहर में भीषण गर्मी की स्थिति बनी हुई है गुरुवार को अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री पर रहा। प्रदेश के दूसरे शहरों की तुलना में राजनांदगांव दिन और रात दोनों ही समय सबसे गर्म बना हुआ है। मौसम विभाग ने फिलहाल किसी तरह के राहत की संभावना भी नहीं जताई है।
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि बदले सिस्टम से कुछ हिस्सों में हल्की बारिश व बूंदाबांदी हो सकती है, हालांकि तापमान में इसका कोई बड़ा असर नहीं होगा। अधिकतम और न्यूनतम तापमान स्थिर बने रहेंगे। भीषण गर्मी से बचाव के लिए लोग तरह-तरह के उपाय कर रहे हैं। सुबह 10 से 11 बजे तक ज्यादातर काम निबटा कर लोग घरों में लौट रहे हैं, इसके चलते दोपहर में सन्नाटे की स्थिति बन रही है। वहीं सुबह और शाम पार्क में खासी भीड़ रही।
कूलर के बाजार ने पकड़ी रफ्तार, बढ़े दाम
भीषण गर्मी के चलते इस बार कूलर-एसी के बाजार ने भी रफ्तार पकड़ी है। दो साल बाद गर्मी में कोरोना का प्रतिबंध हटा है। इसके चलते गर्मी में उपयोग किए जाने वाले सामानों का बाजार भी खुला है। भीषण गर्मी के चलते कूलर और एसी की बिक्री भी रिकार्ड स्थिति में हैं। वहीं इनके दामों में भी अच्छी खासी बढ़ोतरी हुई है।

Facebook Conversations