शहर का सिग्नल सिस्टम फेल:हाईवे पर लगे 9 में से 8 ट्रैफिक सिग्नल बंद, सिग्नल मेंटेनेंस की जिम्मेदारी भिलाई निगम पर, लेकिन उसने ही तय एजेंसी को हटाया
त्वरित खबरे

नेशनल हाईवे पर कुम्हारी से लेकर गुरुद्वारा चौक के बीच लगे 9 ट्रैफिक सिग्नल में से 8 बंद हैं। इसके चलते हाईवे पर ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। चौराहों पर सिग्नल बंद होने से दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है। नेहरूनगर से खुर्सीपार के बीच 6 ट्रैफिक सिग्नल बंद हैं। दैनिक भास्कर ने जब इसे लेकर पड़ताल की तो खुलासा हुआ है कि भिलाई निगम की लापरवाही के चलते ये सिग्नल बंद पड़े हुए हैं।

निगम ने इन सिग्नल के मेंटेनेंस के लिए एजेंसी तय की थी। अनियमितता सामने आने के बाद एजेंसी को हटा दिया गया। इस मामले में निगम के ईई तरुण कुमार रणदीवे को निलंबित भी किया गया, लेकिन सिग्नल को दोबारा शुरू करने कोई काम अब तक नहीं हो पाया है। अब तक निगम ने इसे लेकर प्रक्रिया तक शुरू नहीं की है। हाईवे के सिग्नल बंद होने से सबसे अधिक परेशानी मार्ग से गुजरने वाले लोगों को उठानी पड़ रही है। जिले के 10 स्थानों पर लगे सिग्नल की बंद पड़े हैं। जुनवानी चौक पर सिग्नल बंद रखा गया है।

हाईवे पर इन चौक पर लगे ट्रैफिक सिग्नल बंद
नेहरूनगर से कुम्हारी तक बंद सिग्नलों में कुम्हारी, सिरसा गेट, डबरा पारा, खुर्सीपार, पावर हाउस, चंद्रामौर्या, सुपेला, नेहरू नगर चौक, गुरुद्वारा चौक के सिग्नल बंद हैं। इसके अलावा मालवीय चौक, राजेंद्र पार्क, पटेल चौक, मिनीमाता चौक पुलगांव चालू है। वहीं चरोदा बस स्टैंड, महाराजा चौक, ग्रीन चौक, जेल तिराहा चौक बंद हैं।

ब्रिज निर्माण के चलते डबरा पारा में दिक्कत
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक हाईवे पर ओवर ब्रिज निर्माण के कारण डबरा पारा से लेकर सुपेला के बीच लगे ट्रैफिक सिग्नल को बंद किया गया है। इन चौराहों पर यातायात पुलिस भी नदारद रहती है। पावर हाउस और सुपेला चौक पर ऑटो चालकों का जमावड़ा लगा रहता है। ऑटो चालक हाईवे पर पार्किंग करके यात्री का इंतजार करते है।

कुम्हारी मेंं 9 माह में 12 मौतें, 100 से ज्यादा घायल
कुम्हारी इलाके में निर्माणाधीन ओवर ब्रिज, गड्ढों और खराब सड़क के कारण 9 महीने में 12 लोगों की मौत हो चुकी है। पुलिस के मुताबिक 100 से अधिक लोग छोटी मोटी घटनाओं में घायल हो चुके है। करीब 300 सौ ऐसे मामले हैं जिनमें दो वाहनों की आपस में टक्कर हो चुकी है। कुछ मामलों में आपसी रजामंदी से सुलझा भी लिए गए हैं।

गड्‌ढों और प्रमुख चौक पर 20 से ज्यादा मौतें हो चुकी
पुलिस के आंकड़े बताते हैं कि एक वर्ष में सड़क के गड्ढों व प्रमुख चौक पर हुए हादसों के कारण 20 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। 70 से अधिक दुर्घटनाओं में 85 लोग घायल हो चुके है। सुपेला, पावर हाउस, डबरा पारा और कुम्हारी इलाके के गड्ढों के कारण लोगों को जान गंवाना पड़ा है। जिले में 95 से अधिक मौतें हो चुकी है।

लापरवाही के बाद की कार्रवाई, पर वैकल्पिक इंतजाम अब तक नहीं
ट्रैफिक सिग्नल पर लगने वाले विज्ञापनों की साइज बढ़ाने और बिना अनुमति रायपुर की एजेंसी को कार्यादेश जारी करने की शिकायत की गई। जांच में पाया गया था कि वर्ष 2016 में एजेंसी को यातायात सिग्नल का ठेका 8.76 लाख रुपए में दिया गया। जबकि वर्ष 2021 में 1.90 लाख रुपए में ही काम आवंटित किया गया। ठेका कंपनी को लाभ पहुंचाने के लिए सिग्नल पर लगे वाले होर्डिंग की साइज बढ़ा दी गई। इससे निगम को 6.78 लाख का प्रतिवर्ष नुकसान उठाना पड़ा। होर्डिंग की साइज को भी तीन गुना बढ़ा दिया गया,इससे एजेंसी को लाखों का लाभ हुआ। जांच के बाद भिलाई निगम के कार्यपालन अभियंता टीके रणदीवे को दोषी पाया गया। उन्हें भी हटा दिया गया।

ओवर ब्रिज निर्माण की वजह से शुरू नहीं हो पा रहे
हाईवे पर ब्रिज निर्माण के कारण सिग्नल बंद है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद नए सिरे से सिग्नल मेंटेनेंस के लिए टेंडर जारी किया जाएगा। नियमों का पालन करके एजेंसी को सिग्नल के रखरखाव की जिम्मेदारी दी जाएगी। अनियमितताओं के कारण पुरानी एजेंसी का ठेका निरस्त किया गया था। -सुनील अग्रहरि, उपायुक्त नगर निगम भिलाई
जवानों की तैनाती की गई है ताकि हादसे न हो

ओ‌वर ब्रिज के कारण सिग्नल बंद है। इस वजह से चौराहों पर पुलिस जवानों को तैनात किया गया है। दबाव के समय जवानों की संख्या ज्यादा रहती है। जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू रहे। निगम के पास चौराहों पर लगे सिग्नल की जिम्मेदारी रहती है। हादसों को रोकने के लिए जवान तैनात किए जा रहे हैं। -गुरजीत सिंह, डीएसपी ट्रैफिक पुलिस दुर्ग

YOUR REACTION?

Facebook Conversations