लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल सुपेला में मुफ्त ओपीडी की सुविधा सोमवार को भी शुरू नहीं हो पाई। हालांकि शासन से आईडी और पासवर्ड जारी कर दिया गया। इसके बाद भी भिलाई के इस प्रमुख सरकारी अस्पताल में मरीजों को फ्री ओपीडी सुविधा नहीं मिल पाएगी।
पंजीयन के लिए अब अस्पताल में कम्प्यूटर सिस्टम ही नहीं होने की बात कही गई है। प्रभारी डॉ. पियाम सिंह ने सीएमएचओ को 12 कम्प्यूटर सिस्टम उपलब्ध कराने के लिए डिमांड भेजा है। उनका कहना है कि जब तक उन्हें कम्प्यूटर उपलब्ध नहीं हो जाता, तब तक उनके यहां से बुजुर्गों, बच्चों और गर्भवतियों को ही फ्री ओपीडी की सुविधा दी जाएगी। अन्य को अब पंजीयन के लिए 10 रुपए देने पड़ेंगे। लोग वेबसाइट पर जाकर अपने घरों से पंजीयन करा लेंगे, उन्हें अस्पताल पहुंचने पर वह मुफ्त में प्रिंट उपलब्ध करा देंगे। इस प्रकार अस्पताल में कम्प्यूटर की नई समस्या सामने आई है।
पंजीयन के लिए पांच नए कम्प्यूटर की डिमांड
शास्त्री अस्पताल में 5 कम्प्यूटर की जरूरत पंजीयन के लिए है। इनमें 4 सुबह के समय, 1 शाम के समय पंजीयन के लिए आवश्यक है। इसके अलावा 4 वार्डों में, 1 फार्मासिस्ट, 1 पैथालॉजी,1 रिजर्व रखने के लिए डिमांड की गई है।
आईडी व पासवर्ड मिल गया, कम्प्यूटर की जरूरत
राज्य से हमें आईडी व पासवर्ड उपलब्ध करा दिया गया है। लेकिन कम्प्यूटर नहीं होने से फ्री ओपीडी सुविधा नहीं दे पाएंगे। इसके लिए हमें 12 कम्प्यूटर की जरूरत है। सीएमएचओ को पत्र लिखकर मैने मांग की है। वहां से कम्प्यूटर मिलते ही फ्री ओपीडी शुरू कर दी जाएगी।
-डॉ.पियाम सिंह, प्रभारी सुपेला हॉस्पिटल

Facebook Conversations