शासकीय आईटीआई परपोड़ी में सत्र 2025-26 एवं 2025-27 हेतु प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीयन प्रारंभ...
त्वरित खबरें - आभा किंडो रिपोर्टिंग

बेमेतरा 21 जून 2025, शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) परपोड़ी में सत्र 2025-26 एवं 2025-27 में विभिन्न व्यवसायों में प्रवेश हेतु ऑनलाइन पंजीयन की प्रक्रिया 16 जून 2025 से प्रारंभ हो गई है, जो 25 जून 2025 की रात्रि 11ः59 बजे तक चलेगी। इच्छुक अभ्यर्थी छत्तीसगढ़ शासन की वेबसाइट cgiti.cgstate.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। संस्था में दो वर्षीय व्यवसाय विद्युतकार एवं फिटर तथा एक वर्षीय व्यवसाय कोपा, मैकेनिक डीजल, वेल्डर एवं सोलर टेक्नोलॉजी संचालित हैं। सभी वर्गों की महिला आवेदकों को प्रशिक्षण शुल्क में शासन द्वारा छूट प्रदान की गई है। इसी प्रकार अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के पुरुष आवेदकों को सक्षम अधिकारी द्वारा जारी जाति प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने पर प्रशिक्षण शुल्क में छूट दी जाएगी। सामान्य वर्ग के बीपीएल आवेदकों को भी शासन द्वारा शुल्क में छूट का लाभ मिलेगा। प्रवेश हेतु न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं उत्तीर्ण अथवा पुराना 11वीं उत्तीर्ण निर्धारित है। आवेदन के लिए न्यूनतम आयु 14 वर्ष रखी गई है जबकि अधिकतम आयु की कोई सीमा नहीं है। केवल छत्तीसगढ़ राज्य के निवासी ही आवेदन करने के पात्र हैं, जिसके लिए सक्षम अधिकारी द्वारा जारी निवास प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य है। पात्र अभ्यर्थियों से समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करने की अपील की गई है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations