सड़कें उखड़ीं, घर में सीवरेज का पानी:भिलाई नगर निगम का घेराव, गेट तोड़ने का प्रयास, पुलिस-प्रदर्शनकारियों में झड़प; लोग बोले- जरूरी सुविधाएं तो दें
त्वरित खबरे

भिलाई में भ्रष्टाचार को लेकर बुधवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोगों ने भिलाई नगर निगम का घेराव कर दिया। इस दौरान निगम के गेट को तोड़ कर अंदर घुसने का प्रयास किया। इसके चलते पुलिस और प्रदर्शनकारियों में झड़प भी हो गई। काफी देर हंगामा चलता रहा। इसके बाद प्रदर्शनकारी वहीं धरने पर बैठ गए और निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। बाद में एसडीएम छावनी मुकेश रावटे मौके पर पहुंचे तो उन्हें ज्ञापन सौंपा गया।

बोल बम सेवा एवं कल्याण समिति के अध्यक्ष दया सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों प्रदर्शनकारी बुधवार को नगर निगम पहुंच गए। दया सिंह ने आरोप लगाया कि पिछले कई सालों से खुर्सीपार की जनता मूलभूत परेशानियों से जूझ रही है। बार-बार शिकायत करने के बावजूद उसका समाधान नहीं हो रहा है। खुर्सीपार क्षेत्र में जो भी निर्माण कार्य हो रहे हैं, वो भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रहे हैं। कई विकास कार्य अटके हुए हैं। खुर्सीपार क्षेत्र लगातार निगम की उपेक्षा का शिकार हो रहा है।

प्रदर्शनकारियों ने निगम घेराव के दौरान एसडीएम को 10 प्रमुख समस्याएं गिनाई। इसमें पहली समस्या कैनाल रोड निर्माण में गड़बड़ी की थी। आरोप लगाया कि सड़क बनने के साथ ही उखड़ने लगी है। सही से समतल न होने से सड़कें चलने लायक नहीं है। इस मामले की जांच होनी चाहिए। दूसरा मामला खुर्सीपार में सीवरेज लाइन का उठाया। सीवरेज निर्माण में भी भ्रष्टाचार किया गया है, जिसके चलते उसका पानी लोगों के घरों तक आ रहा है। लोग परेशान हैं। निगम के पास फुरसत नहीं कि उसका समाधान कर सके।

खुर्सीपार में पेयजल व्यवस्था ठप है। जिन इलाकों में अमृत मिशन के तहत पाइप लाइन का विस्तारीकरण किया गया है। वहां फोर्स कम आ रहा है। लोग बिजली कटौती की समस्या से जूझ रहे हैं, लेकिन सरकार उसका समाधान नहीं कर पा रही है। रोजाना बिजली बंद से लोग हलाकान हैं। तेल्हानाला का चैनलाइजेशन का काम देरी से हो रहा है। जो काम हुआ भी है, उसमें भी जमकर भ्रष्टाचार हुआ है।

खुर्सीपार में हाइवे के दोनों ड्रेनेज सिस्टम गड़बड़ है। बारिश में कमर तक पानी भर जाता है। बारिश का पानी लोगों के घरों तक में घुस जाता है। सफाई का हाल-बेहाल है। जगह-जगह कचरों का अंबार है। हर साल डेंगू और मलेरिया के मरीज मिलते हैं। यहां डेंगू से कई मौतें हो चुकी हैं। अंदरुनी सड़कों में गड्‌ढे हैं, नाली तक नहीं बनी है, इसलिए पानी सड़कों पर आ रहा है। सड़क निर्माण कराया जाए।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations