रजिस्ट्री कराने पहुंचे अधिकारी की कार से 38 लाख रुपये चोरी, जांच में जुटी पुलिस
त्वरित ख़बरें : ज़ाफ़रान खान रिपोर्टिंग

रायपुर :- राजधानी में उस समय हड़कंप मच गया, जब जमीन रजिस्ट्री कराने आए एक अधिकारी की कार से 38 लाख रुपये चोरी हो गए। घटना ऑक्सीजोन क्षेत्र की है, जो सिविल लाइंस थाना के अंतर्गत आता है। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उठाईगिरी के आरोप में अधिकारी के एक परिचित सहित चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच के दौरान पुलिस ने चोरी की पूरी रकम बरामद कर ली है और मामले की गहन पड़ताल जारी है। इस घटना ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मंदिर हसौद निवासी भारतीय खाद्य निगम (FCI) के अधिकारी ज्ञानप्रकाश पाण्डेय सोमवार को जमीन रजिस्ट्री कराने कलेक्टोरेट रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि वे अपनी कार की सीट पर नगदी से भरा बैग रखकर किसी व्यक्ति के आने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोर ने मौका पाकर कार से नोटों से भरा बैग पार कर दिया। रकम गायब होने का पता चलते ही उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने क्राइम ब्रांच की टीम गठित कर आरोपियों की पतासाजी शुरू कर दी और मामले की गहन जांच जारी है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लिया, जिनमें एक अधिकारी का परिचित भी शामिल बताया जा रहा है। पूछताछ के दौरान एक आरोपी के पास से चोरी की रकम बरामद कर ली गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एफसीआई अधिकारी जिस परिचित को नगदी की देखरेख के लिए साथ लाए थे, वही रकम देखकर लालच में आ गया और उसने अपने साथियों के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से पैसे गायब करने की साजिश रची।घटना सोमवार दोपहर की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार यह उठाईगिरी का मामला है, जिसमें आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का औपचारिक खुलासा किया जाएगा और सभी तथ्यों को सार्वजनिक किया जाएगा।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations