दुर्ग के सहायक अभियंता वीपी मिश्रा का निगम दफ्तर में बीजेपी युवा मोर्चा के कार्यकर्ता व ठेकेदार रितेश शर्मा से पैसे लिए जाने का वीडियो इन दिनों वायरल हो रहा है। इसे लेकर बीजेपी युवा मोर्चा ने रिश्वत लेने का आरोप लगाया है। उन्होंने इसे लेकर सोमवार को दुर्ग निगम आयुक्त इंद्रजीत बर्मन से पूरे मामले की शिकायत की। इस पर आयुक्त ने मामले में जांच के निर्देश दिए हैं।
युवा मोर्चा के प्रदेश प्रशिक्षण प्रमुख रंजीत ठाकुर, कार्यसमिति सदस्य विशाल शाही, रजत दुबे, सत्यवीर यादव सहित अन्य निगम कार्यालय पहुंचे। उन्होंने तत्काल संबंधित अधिकारी को निलंबित कर मामले की निष्पक्ष जांच कर दोष अफसर को बर्खास्त करने की मांग की। ठाकुर ने कहा कि दुर्ग निगम में लंबे समय से कमीशनखोरी का खेल चल रहा है। शहर सरकार से लेकर उच्च अधिकारी आंखमंूदकर बैठे हुए हैं। पिछले दिनों डाटा सेंटर में ठेकेदारों में मारपीट की घटना भी हुई। इसके बाद भी अनदेखी जारी है। उन्होंने दो दिन के अंदर निलंबन की कार्रवाई अन्यथा उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।

Facebook Conversations