रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पंडरी थाना पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय आरोपी को 7.330 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन और 120 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पंडरी थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कांपा रेलवे फाटक के पास एक व्यक्ति गांजा लेकर बिक्री के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेही को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी पहचान मनीष गुप्ता (21 वर्ष) के रूप में बताई। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मंगलपुर जिले के बेकटिकरा गांव का रहने वाला है और वर्तमान में दादरा एवं नगर हवेली के सिलवासा क्षेत्र में रह रहा था।
तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से 7.330 किलोग्राम अवैध गांजा, एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और 120 रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना पंडरी में अपराध क्रमांक 174/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले में विस्तृत विवेचना जारी है।

Facebook Conversations