रायपुर निगम की बड़ी उपलब्धि: एक दिन में 1.06 करोड़ रुपये की राजस्व वसूली
त्वरित ख़बरें - रायपुर ब्यूरों प्रमुख प्रिया शर्मा

सीलबंदी की कार्रवाई का असर: 10 साल का बकाया संपत्तिकर मौके पर जमा

रायपुर। रायपुर नगर पालिक निगम के राजस्व विभाग ने बकाया कर वसूली अभियान के तहत बुधवार को बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक ही दिन में 1 करोड़ 6 लाख 63 हजार 190 रुपये की राजस्व वसूली की। नगर निगम आयुक्त श्री संबित मिश्रा के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सभी जोनों में वसूली की कार्रवाई तेज कर दी गई है।

नगर निगम के अनुसार, 17 जून 2026 को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व विभाग की टीमों ने शहरभर में बकायेदारों से संपर्क कर वसूली अभियान चलाया। इस दौरान जोन-5 की टीम ने सबसे बेहतर प्रदर्शन करते हुए अकेले 34 लाख 94 हजार 756 रुपये की राजस्व वसूली की।

वहीं, जोन-4 राजस्व विभाग की टीम ने वार्ड क्रमांक 44 में संपत्तिकर बकायेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए अंतिम नोटिस के बाद सीलबंदी की प्रक्रिया शुरू की। निगम की इस कार्रवाई का तत्काल असर देखने को मिला।

सीलबंदी की कार्रवाई शुरू होते ही संबंधित बड़े बकायेदार ने मौके पर ही पिछले 10 वर्षों से लंबित 2 लाख 69 हजार 122 रुपये का संपत्तिकर जमा कर दिया। इसके बाद निगम ने आगे की कार्रवाई रोक दी।

नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बकाया कर जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ सीलबंदी, कुर्की और अन्य वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। निगम आयुक्त श्री संबित मिश्रा ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को वसूली अभियान में और तेजी लाने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

निगम प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे समय पर अपने संपत्तिकर और अन्य करों का भुगतान करें, ताकि अनावश्यक दंडात्मक कार्रवाई से बचा जा सके।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations